Jaipur: लोकसभा चुनाव की (Loksabha Election) उल्टी गिनती शुरू हो गई है। चुनाव में अपने 400 पार के लक्ष्य को लेकर जहां बीजेपी ने राजस्थान में पूरी ताकत झोंक दी है, वहीं कांग्रेस इस दिशा में सुस्त चाल चल रही है। राजस्थान में बीजेपी के केंद्रीय नेताओं ने मैराथन दौरे शुरू कर दिए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की प्रदेश में एक-एक चुनावी सभा हो चुकी है। वहीं, इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिन (31 मार्च और 1 अप्रैल) राजस्थान (जयपुर-जोधपुर) में रहकर चुनावी माहौल और तैयारियों का जायजा ले चुके हैं। उन्होंने 31 मार्च को सीकर में रोड शो भी किया था।
कांग्रेस में केवल खड़गे की हुई रैली और सभा
दूसरी तरफ अभी तक कांग्रेस में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को छोड़कर किसी भी केंद्रीय नेता की सभा और रैली आयोजित नहीं हुई है। 6 अप्रैल को जयपुर में कांग्रेस की सोनिया-राहुल-प्रियंका गांधी की सभा होगी। लेकिन, उस दिन पीएम मोदी राजस्थान में तीसरी सभा को संबोधित कर रहे होंगे।
आज चुरू में पीएम मोदी की सभा
पीएम मोदी 2 अप्रैल को कोटपूतली में जनसभा को संबोधित कर चुके हैं। उन्होंने कोटपूतली में सभा करके जयपुर ग्रामीण और अलवर लोकसभा सीट को साधा था। पीएम मोदी की आज चूरू में सभा है। चूरू इस समय हॉट सीट बनी हुई है। बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए सांसद राहुल कस्वां चुनावी मैदान में हैं। बीजेपी ने यहां से पैरालिंपिक गोल्ड मेडल विनर देवेंद्र झाझड़िया को टिकट दिया है।
शनिवार को पुष्कर में जनसभा को करेंगे संबोधित
पीएम मोदी शुक्रवार को चूरू में जनसभा करके चूरू और झुंझुनूं लोकसभा सीटों के समीकरण को साधने की कोशिश करेंगे। दोनों ही सीटों पर विधानसभा चुनावों में बीजेपी का प्रदर्शन फिसड्डी रहा था। ऐसे में यहां पीएम मोदी की सभा करवाकर बीजेपी अपने पक्ष में माहौल बनाना चाहती है। शनिवार को पीएम मोदी पुष्कर में जनसभा को संबोधित करेंगे। पुष्कर को धार्मिक नगरी के रूप में जाना जाता है। यहां मोदी की सभा कराकर बीजेपी वोटों के धुव्रीकरण के साथ-साथ अजमेर, नागौर और राजसमंद सीट को कवर करेगी।
जेपी नड्डा भी कर चुके हैं सभा
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार (Loksabha Election) को झालावाड़-बारां से बीजेपी प्रत्याशी दुष्यंत सिंह की नामांकन सभा को संबोधित किया था। झालावाड़-बारां बीजेपी की सबसे सेफ सीट मानी जाती है। पहले यहां से वसुंधरा राजे और उसके बाद उनके बेटे दुष्यंत सिंह लगातार सांसद बन रहे हैं। जेपी नड्डा ने नामांकन सभा के लिए झालावाड़ पहुंचकर पार्टी में इंटर्नल मैसेज देने का काम किया है। उन्होंने यह साफ मैसेज दिया है कि वसुंधरा राजे पार्टी की वरिष्ठ नेता हैं। उनके सम्मान में पार्टी कोई कमी नहीं रखेगी। दूसरे चरण के मतदान के लिए नामांकन के आखिरी दिन यानी 4 अप्रैल को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे चित्तौड़गढ़ में सभा करने पहुंचे। यहां से उदयलाल आंजना कांग्रेस प्रत्याशी हैं।
कांग्रेस के केंद्रीय नेताओं में केवल खड़गे हुए जनसभा में शामिल
पहले चरण के मतदान के लिए नामांकन के दौरान कांग्रेस के किसी भी प्रत्याशी के नॉमिनेशन के समय कोई केंद्रीय नेता मौजूद नहीं रहा। कुछ जगहों पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने नामांकन सभाओं को जरूर संबोधित किया। कांग्रेस में केंद्रीय नेता के तौर पर केवल राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ही गुरुवार को चित्तौड़गढ़ पहुंचे। उनकी एंट्री भी तब हुई, जब लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के लिए नामांकन का आखिरी दिन था। चित्तौड़गढ़ लोकसभा सीट से उदयलाल आंजना कांग्रेस प्रत्याशी हैं।
राजस्थान में बीजेपी के केंद्रीय नेताओं ने झौंकी ताकत
इस सप्ताह पीएम मोदी के अलावा राजस्थान (Loksabha Election) में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की भी सभा प्रस्तावित है। रविवार को राजनाथ सिंह बीकानेर के कोलायत और झुंझुनूं के पिलानी में जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं, अगले सप्ताह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बीकानेर में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा नितिन गडकरी, योगी आदित्यनाथ की सभाएं भी प्रस्तावित हैं।
कांग्रेस के इन दिग्गजों का 6 अप्रैल को जयपुर दौरा प्रस्तावित
सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित कई दिग्गज कांग्रेस नेताओं का 6 अप्रैल को जयपुर में दौरा प्रस्तावित है। इस दिन जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडियम में सभा के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी मौजूद रहेंगे।