Jaipur: राजस्थान में शुक्रवार को कई जिलों में आंधी-बारिश (Rajasthan Weather Update) के साथ ओले गिरे। जोधपुर, जैसलमेर में शुक्रवार देर शाम 40 किलोमीटर की स्पीड से हवा चली। अजमेर, बीकानेर, टोंक में भी कुछ जगहों पर अच्छी बारिश हुई। जोधपुर, उदयपुर, अजमेर, कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से मौसम में ये बदलाव हुआ।
जयपुर में तेज हवा के साथ हुई बूंदाबादी
जयपुर में शुक्रवार को रातभर तेज हवा चली और हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम केंद्र जयपुर ने शनिवार को भी पूर्वी और दक्षिण पूर्वी राज्य के 10 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इससे पहले शुक्रवार को दिनभर अधिकांश जगह सुबह से बादल छाए रहे। दोपहर बाद जयपुर, जोधपुर, जैसलमेर, टोंक, सवाई माधोपुर में हवा चलनी शुरू हो गई थी। जैसलमेर में शाम करीब 5 बजे तेज बारिश हुई। कुछ जगहों पर ओले भी गिरे।
इन शहरों में गिरा दिन का तापमान
अजमेर में शुक्रवार रात को हवा के साथ तेज बारिश हुई। अजमेर, जोधपुर, नागौर, बीकानेर के एरिया में भी ऐसा ही मौसम रहा। जोधपुर के लूणी, भोपालगढ़ एरिया में तेज बारिश हुई। नागौर के कुचेरा में बारिश के साथ ओले गिरे। इससे सभी शहरों में दिन का तापमान 2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। जयपुर में भी रात को बूंदाबांदी हुई।
पारा 37 डिग्री सेल्सियस से नीचे
राजस्थान में मौसम के बदलाव से शुक्रवार को सभी (Rajasthan Weather Update) शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे रहा। सबसे ज्यादा तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस टोंक के पास निवाई एरिया में रहा। बाड़मेर में दिन का अधिकतम तापमान 35.1, जैसलमेर में 36.1, जोधपुर में 35.4, बीकानेर में 33.4 और चूरू में 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
आज इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि इस सिस्टम का असर शनिवार को भी राजस्थान के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में रहेगा। इस सिस्टम के कारण 6 अप्रैल को अलवर, बारां, भरतपुर, दौसा, धौलपुर, जयपुर, करौली, कोटा, सवाई माधोपुर और टोंक जिलों में मेघगर्जना के साथ कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।