Jaipur: शिक्षा मंत्री मदन दिलावर (Madan Dilawar) ने कहा- गहलोत जी डोटासरा जी जितना खाना पीना है खा लीजिए, आगे आप जेल में चक्की पीसेंगे, गिनती की चार रोटी मिलेगी। ये मैं बार-बार कह रहा हूं और फिर कह रहा हूं। अपराधियों को ED छोड़ेगी नहीं। इनके (गहलोत-डोटासरा) के राज में पेपर लीक नहीं हुए बेचे गए थे। शिक्षा मंत्री का यह बयान गुरुवार शाम रामगंजमंडी विधानसभा की छापेड़ा बस्ती, बडोदिया कलां गांव का है। वे यहां भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी ओम बिरला के समर्थन में जनसंपर्क करने पहुंचे थे।
'इन लोगों ने पेपर चोरी करवाए'
शिक्षा मंत्री दिलावर ने कहा- इन लोगों ने पेपर चोरी करवाए। ईडी अपना काम कर रही है और जल्द इन पर शिकंजा आने वाला है। मदन दिलावर ने कहा- प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष हैं गोविंद सिंह डोटासरा और गहलोत के लिए मैंने कहा कि इन लोगों ने जो कंपीटिशन एग्जाम होते हैं उनके पेपर बेच दिए और करोड़ों कमाए।
'पेपर लीक नहीं हुए, बेचे गए थे'
पेपर लीक नहीं हुए, बेचे गए थे। राजीव गांधी स्टडी सर्किल में पेपर रखे गए जो कभी नहीं रखे जाते थे। चाबी भी चोरों के हाथों में दे दी, जिन्होंने ताला खोला और पेपर निकाल लिए। मैंने कहा था और फिर कह रहा हूं, डोटासरा और गहलोत की ओर ईडी की जांच बढ़ रही है। ईडी की जांच में तथ्य सामने आने वाले हैं कि डोटासरा और गहलोत दोषी हैं और ये भी जेल जाने वाले हैं।
'अपराधियों को ईडी नहीं छोड़ती'
शिक्षा मंत्री (Madan Dilawar) ने कहा- डोटासरा ने कहा कि मदन दिलावर ने अपनी मां का दूध पीया है तो मुझे अरेस्ट करो। हम अरेस्ट थोड़ी करेंगे, अरेस्ट तो ईडी करेगी। आप अपराधी हो यह हम बार-बार कह रहे हैं। अपराधियों को ईडी नहीं छोड़ती। दिल्ली के सीएम केजरीवाल बार-बार कहते थे कि मुझे गिरफ्तार करो मुझे गिरफ्तार करो और जो केजरीवाल चोर हैं। अब जेल के शिकंजे में बैठे है, दो दिन में वजन घट गया। इसलिए डोटासरा और गहलोत साहब जो खाना-पीना है खा लो, थोड़े दिन बाद जेल में चक्की चलानी पड़ेगी। दिनभर में चार-चार रोटी मिलेगी। डोटसरा जी, घमंड मत करो, चोरी भ्रष्टाचार कर इतरा रहे हो क्या। ईडी अपना काम कर रही है, आपको शिकंजे में लेगी क्योंकि आप अपराधी हो।