जयपुर।जयपुर शहर में घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) और वाहनों में इस्तेमाल होने वाली CNG की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। टोरेंट कंपनी की ओर से जारी नई रेट लिस्ट के मुताबिक बढ़ी हुई दरें आज रात 12 बजे के बाद लागू होंगी। PNG की कीमत में करीब 2 रुपये और CNG में 2 रुपये प्रति किलोग्राम तक की बढ़ोतरी की गई है।
PNG की कीमत में करीब 2 रुपये की बढ़ोतरी
जयपुर में पाइप लाइन के जरिए घरों तक पहुंचने वाली PNG अब पहले के मुकाबले महंगी मिलेगी। कंपनी की नई रेट लिस्ट के अनुसार PNG की बेस कीमत 47.91 रुपये से बढ़ाकर 49.77 रुपये कर दी गई है।टैक्स जोड़ने के बाद उपभोक्ताओं को PNG अब 53.50 रुपये प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (SCM) की दर से उपलब्ध होगी। पहले इसकी कीमत 51.50 रुपये प्रति SCM थी।इस तरह टैक्स समेत घरेलू PNG की कीमत में करीब 2 रुपये प्रति SCM की बढ़ोतरी हुई है।
जयपुर के करीब 50 हजार घरों पर असर
जयपुर में वर्तमान में करीब 50 हजार घरों में पाइप लाइन के जरिए घरेलू उपयोग के लिए नेचुरल गैस की सप्लाई की जा रही है। ऐसे में PNG की नई दर लागू होने के बाद इन घरों के गैस खर्च पर सीधा असर पड़ेगा।
CNG भी 2 रुपये प्रति किलो तक महंगी
PNG के साथ-साथ जयपुर में CNG की कीमत भी बढ़ाई गई है। फिलहाल टोरेंट की ओर से पेट्रोल पंपों पर CNG 97.50 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेची जा रही है।आज रात 12 बजे के बाद इसकी कीमत बढ़कर 99.50 रुपये प्रति किलोग्राम हो जाएगी। यानी CNG के दाम में 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है।इससे जयपुर में CNG वाहनों से सफर करने वाले लोगों को अब पहले की तुलना में ज्यादा खर्च करना पड़ेगा।
मई में भी बढ़ाए गए थे PNG के दाम
टोरेंट कंपनी ने इससे पहले मई महीने में भी PNG की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। उस समय भी PNG के दाम में करीब 2 रुपये की वृद्धि की गई थी।अब एक बार फिर PNG की कीमत बढ़ाए जाने से पाइप्ड गैस का इस्तेमाल करने वाले घरेलू उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त खर्च का असर पड़ेगा।