क्रिकेट में समय-समय पर नियमों में बदलाव होते रहते हैं। अब एक बार फिर ऐसा हुआ है। इस बार क्रिकेट के 73 नियमों में संशोधन किया गया है। टेस्ट क्रिकेट में पहले अगर दिन के आखिरी ओवर में विकेट गिरता था तो खेल वहीं खत्म माना जाता था और नया बल्लेबाज बैटिंग नहीं करता था। नए बदलाव के बाद यह नियम बदल दिया गया है। इसके अलावा लेमिनेटेड बैट को भी सशर्त खेलने की अनुमति मिल गई है। ये नए नियम 1 अक्टूबर, 2026 से लागू होंगे।
टेस्ट मैच के लास्ट ओवर का नियम बदला
पहले टेस्ट क्रिकेट में दिन के लास्ट या सेकेंड लास्ट ओवर में अगर विकेट गिरता था तो दिन का खेल वहीं खत्म कर दिया जाता था और नया बल्लेबाज बैटिंग के लिए नहीं आता था। अब MCC (मेरिलबोन क्रिकेट क्लब) ने इस नियम में बदलाव किया है।
MCC के अनुसार, समय बचाने के लिए पहले यह नियम था, लेकिन असल में इससे कोई फायदा नहीं होता क्योंकि अगले दिन बची गेंदें फेंकी जाती हैं। इसके अलावा पुराने नियम से खेल का रोमांच कम हो जाता था।अब नए नियम के तहत अगर कंडीशंस ठीक हैं तो लास्ट ओवर पूरा किया जाएगा और विकेट गिरने पर नया बल्लेबाज उतर सकेगा।
ओवरथ्रो और डेडबॉल के नियम में बदलाव
MCC ने ओवरथ्रो और मिस्फील्ड के बीच का अंतर और स्पष्ट कर दिया है। अब ओवरथ्रो तभी माना जाएगा जब खिलाड़ी विकेट की तरफ गेंद फेंके और गेंद आगे निकल जाए। वहीं अगर खिलाड़ी बाउंड्री के पास गेंद रोकने की कोशिश करता है और गेंद उसके हाथ से निकल जाती है तो इसे मिस्फील्ड माना जाएगा।डेडबॉल के लिए भी अब जरूरी नहीं रहेगा कि गेंद केवल विकेटकीपर या गेंदबाज के हाथ में हो। अगर गेंद मैदान में कहीं रुक गई और अंपायर को लगे कि बल्लेबाज रन नहीं ले सकता, तो वह गेंद को डेडबॉल घोषित कर सकता है।
नए बैट को मिली मंजूरी
अब दो या तीन लकड़ी के टुकड़ों को जोड़कर बने बैट को भी खेल में इस्तेमाल करने की अनुमति मिल गई है। ये बैट सस्ते होते हैं क्योंकि इन्हें सिंगल पीस लकड़ी की तुलना में कम कीमत में बनाया जा सकता है। MCC ने ओपन एज क्लब क्रिकेट में इन बैट के उपयोग की मंजूरी दी है।
हिट विकेट नियम में स्पष्टता
यदि बल्लेबाज विपक्षी खिलाड़ी से टकराकर स्टंप्स पर गिरता है तो उसे हिट विकेट नहीं माना जाएगा। वहीं, शॉट खेलते समय यदि बैट हाथ से छूटकर स्टंप्स पर गिरता है तो उसे आउट माना जाएगा।
MCC ही बनाता है क्रिकेट के नियम
एमसीसी ही क्रिकेट के नियम बनाने वाला प्रमुख संगठन है। इसकी स्थापना 1787 में लंदन में हुई थी। ICC के बनने के बाद भी क्रिकेट के आधिकारिक नियम MCC ही तय करता है। MCC की समिति के सदस्य ही क्रिकेट के नियमों में संशोधन और बदलाव करते हैं।
Comments (0)