नई तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के दौर में अक्सर यह चिंता जताई जाती है कि आने वाले समय में कई नौकरियां खत्म हो जाएंगी। लेकिन इतिहास उठाकर देखें तो यह पहली बार नहीं है, जब तकनीक ने रोजगार के स्वरूप को बदला हो। इससे पहले भी कई ऐसे पेशे थे, जिनकी कभी समाज में काफी मांग थी, लेकिन समय के साथ वे पूरी तरह गायब हो गए। आज की युवा पीढ़ी शायद इन नौकरियों के नाम तक नहीं जानती।
लैम्पलाइटर: शाम होते ही जलाते थे सड़क की लाइटें
बिजली आने से पहले शहरों और कस्बों में गैस या तेल के दीयों से रोशनी की जाती थी। उस दौर में लैम्पलाइटर का काम बेहद अहम माना जाता था। वे लंबी सीढ़ी और मशाल लेकर निकलते थे और सड़क किनारे लगे दीयों को जलाते थे। सुबह फिर इन्हें बुझाने का काम भी वही करते थे। बिजली आने के बाद यह पेशा इतिहास बन गया।
नॉक-अपर: अलार्म घड़ी से पहले इंसान जगाते थे लोगों को
ब्रिटेन और आयरलैंड में औद्योगिक क्रांति के समय नॉक-अपर नाम के लोग मजदूरों और कर्मचारियों को समय पर जगाने का काम करते थे। वे खिड़कियों और दरवाजों पर दस्तक देकर लोगों को नींद से उठाते थे। लेकिन जैसे ही अलार्म घड़ियां आम हो गईं, इस पेशे की जरूरत खत्म हो गई।
स्विचबोर्ड ऑपरेटर: हाथों से जोड़ते थे फोन कॉल
आज मोबाइल फोन पर एक क्लिक में कॉल कनेक्ट हो जाती है, लेकिन पहले ऐसा नहीं था। पुराने समय में हर कॉल एक केंद्रीय एक्सचेंज से होकर गुजरती थी, जहां स्विचबोर्ड ऑपरेटर तारों को सही सॉकेट में लगाकर दो लोगों को जोड़ते थे। ऑटोमैटिक सिस्टम आने के बाद यह काम पूरी तरह खत्म हो गया।
आइस कटर: झीलों से काटकर लाते थे बर्फ
फ्रिज के आविष्कार से पहले गर्मियों में बर्फ की मांग पूरी करने के लिए आइस कटर कड़ाके की ठंड में जमी हुई झीलों और नदियों से बर्फ की बड़ी-बड़ी सिल्लियां काटते थे। बाद में इन्हें स्टोर कर लोगों तक पहुंचाया जाता था। रेफ्रिजरेटर के आने के बाद इस पेशे का अस्तित्व खत्म हो गया।
पिनसेटर: मशीनों से पहले इंसान सजाते थे बॉलिंग पिन
बॉलिंग ऐली में आज यह काम मशीनें करती हैं, लेकिन पहले पिनसेटर या पिनबॉय नाम के कर्मचारी गेंद गिरने के बाद पिन को दोबारा व्यवस्थित करते थे और गेंद वापस खिलाड़ियों तक पहुंचाते थे। ऑटोमैटिक मशीनों ने इस काम को भी खत्म कर दिया।
लीच कलेक्टर: तालाबों से इकट्ठा करते थे जोंक
एक समय मेडिकल साइंस में जोंक का इस्तेमाल उपचार के लिए किया जाता था। ऐसे में लीच कलेक्टर दलदलों और तालाबों में जाकर जोंकों को इकट्ठा करते थे और उन्हें डॉक्टरों को बेचते थे। आधुनिक चिकित्सा पद्धति के विकास के साथ यह पेशा भी लगभग समाप्त हो गया। तकनीक ने जहां कई पुराने रोजगार खत्म किए, वहीं समय के साथ नए अवसर भी पैदा किए। यही कारण है कि AI को लेकर चल रही बहस के बीच विशेषज्ञ मानते हैं कि भविष्य में कुछ नौकरियां खत्म होंगी, लेकिन नई तकनीकों के साथ नए रोजगार भी सामने आएंगे।