अयोध्या: उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले की मां कामाख्या नगर पंचायत में विकास कार्यों को नई रफ्तार मिलने वाली है। नगर पंचायत के अलग-अलग वार्डों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए शासन ने 6.40 करोड़ रुपये की विकास योजना को मंजूरी दी है। इस योजना के तहत सड़कों का निर्माण, जल निकासी की व्यवस्था और शिक्षा से जुड़े संस्थानों का कायाकल्प किया जाएगा। इससे स्थानीय लोगों को लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।
10 सड़कों के साथ बनाई जाएंगी नालियां
मुख्यमंत्री नवसृजित नगर विकास योजना के तहत स्वीकृत राशि से नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में 10 नई सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। इन सड़कों के साथ नालियों का भी निर्माण होगा, जिससे बारिश के दौरान जलभराव और जल निकासी की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी। योजना में कुरैया, भरतपुर, बिहारा और मेघा ऋषि नगर समेत कई क्षेत्रों को शामिल किया गया है।
प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्रों की बदलेगी तस्वीर
इस विकास योजना में शिक्षा और बच्चों से जुड़ी सुविधाओं को भी प्राथमिकता दी गई है। गौड़पुरवा स्थित जर्जर प्राथमिक विद्यालय की मरम्मत कर उसका कायाकल्प कराया जाएगा। वहीं, आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति सुधारने के लिए भी बजट खर्च किया जाएगा। सुनबा में दो आंगनबाड़ी केंद्रों का नवीनीकरण होगा, जबकि ईटहा, सैमसी और सैदपुर में एक-एक केंद्र को बेहतर बनाया जाएगा।
विधायक के प्रयासों से मिली मंजूरी
नगर पंचायत अध्यक्ष शीतला प्रसाद शुक्ल ने योजना को मंजूरी मिलने पर विधायक रामचंद्र यादव का आभार जताया है। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत के सभी वार्डों में जरूरी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से विकास कार्यों का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। अब योजना को स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्यों का रास्ता साफ हो गया है।
टेंडर प्रक्रिया शुरू, जनवरी तक पूरा होगा काम
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी निखिलेश मिश्रा के मुताबिक, विकास कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अगले महीने से निर्माण कार्य शुरू कराने की तैयारी है। प्रशासन ने जनवरी तक सभी परियोजनाओं को पूरा करने का लक्ष्य रखा है। योजना पूरी होने के बाद मां कामाख्या नगर पंचायत के कई वार्डों में सड़क, जल निकासी और शिक्षा से जुड़ी सुविधाओं में सुधार देखने को मिलेगा।