गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार (1 नवंबर) को गोरखपुर को करीब 1,663 करोड़ रुपए की 88 विकास परियोजनाओं की सौगात देने जा रहे हैं। दीपावली से पहले जिले को मिलने वाली इस सौगात में सड़क कनेक्टिविटी, इंफ्रास्ट्रक्चर, जल निकासी, सीवरेज प्रबंधन और बाढ़ बचाव से जुड़े काम शामिल हैं। मुख्यमंत्री चौरीचौरा के भोपा बाजार में 59.44 करोड़ रुपए की लागत से बने रेल ओवरब्रिज का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा गोड़धोइया नाला परियोजना के पहले चरण का उद्घाटन और दूसरे चरण समेत कई बड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे।
भोपा बाजार रेल ओवरब्रिज का करेंगे उद्घाटन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक नवंबर को चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र से अपने सार्वजनिक कार्यक्रमों की शुरुआत करेंगे। यहां भोपा बाजार में 59.44 करोड़ रुपए की लागत से तैयार रेल ओवरब्रिज का लोकार्पण किया जाएगा।इसके साथ ही चौरीचौरा क्षेत्र में कुल 287.56 करोड़ रुपए की लागत वाली 84 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी होगा। इनमें सड़क कनेक्टिविटी और बाढ़ बचाव से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
चौरीचौरा को जाम से मिलेगी राहत
गोरखपुर-भटनी रेलखंड पर समपार संख्या 147बी पर बने भोपा बाजार रेल ओवरब्रिज से स्थानीय लोगों को लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।रेलवे फाटक बंद होने के कारण स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और स्कूली बच्चों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता था। ट्रेनों की आवाजाही के चलते दिन में कई बार फाटक बंद होने से सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती थीं।करीब 650 मीटर लंबे इस ओवरब्रिज के शुरू होने से चौरीचौरा कस्बे की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी। आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों का समय और ईंधन भी बचेगा।
भोपा बाजार रेल ओवरब्रिज को ऐतिहासिक चौरीचौरा घटना की स्मृतियों से भी सजाया गया है। ओवरब्रिज के स्तंभों और दीवारों पर म्यूरल आर्ट यानी भित्तिचित्र बनाए गए हैं।इन चित्रों में 4 फरवरी 1922 को हुई चौरीचौरा घटना और आजादी के आंदोलन में योगदान देने वाले अमर बलिदानियों की गाथा दिखाई गई है।इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को चौरीचौरा के ऐतिहासिक संघर्ष और स्वतंत्रता आंदोलन में क्षेत्र के योगदान से परिचित कराना है।
गोड़धोइया नाला फेज-1 का होगा लोकार्पण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर शहर की जलभराव और सीवर प्रबंधन की समस्या को दूर करने वाली गोड़धोइया नाला परियोजना के पहले चरण का भी लोकार्पण करेंगे।495.24 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हुए इस चरण के तहत नाले और सीवरेज सिस्टम को बेहतर बनाने के कई काम किए गए हैं।
परियोजना के तहत
9.25 किलोमीटर लंबे नाले में 7.75 किलोमीटर पक्का नाला बनाया गया है।
17.50 किलोमीटर इंटरसेप्टिंग सीवर लाइन बिछाई गई है।
सीवेज शोधन के लिए 38 MLD क्षमता का STP बनाया गया है।
61 MLD क्षमता का मेन पंपिंग स्टेशन स्थापित किया गया है।
14 ब्रिज और कल्वर्ट का निर्माण कराया गया है।
इस परियोजना से शहर के उत्तरी हिस्से के 17 वार्डों में जल निकासी व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
गोड़धोइया नाला फेज-2 पर खर्च होंगे ₹92.72 करोड़
फेज-1 के लोकार्पण के साथ मुख्यमंत्री गोड़धोइया नाला परियोजना के दूसरे चरण का शिलान्यास भी करेंगे। इस पर 92.72 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।दूसरे चरण में नाले के बचे हुए 1.50 किलोमीटर कच्चे हिस्से को RCC निर्माण के जरिए पक्का किया जाएगा।इसके अलावा बिछिया रेलवे कॉलोनी में बने 38 MLD क्षमता वाले STP तक पहुंचने के लिए 1.50 किलोमीटर लंबा एप्रोच रोड बनाया जाएगा।
गोड़धोइया नाले के समानांतर बनेगी 7.75 KM सड़क
मुख्यमंत्री गोड़धोइया नाले के दोनों ओर सड़क निर्माण परियोजना का भी शिलान्यास करेंगे। इस पर 65.93 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।करीब 7.75 किलोमीटर लंबी इस सड़क के बनने से नाले के किनारे रहने वाले लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
परियोजना के तहत
नाले के दोनों ओर 3.75 मीटर चौड़ा कैरेजवे बनाया जाएगा।
सड़क के किनारे पौधरोपण और सौंदर्यीकरण होगा।
सुरक्षा के लिए क्रैश बैरियर लगाए जाएंगे।
प्रकाश व्यवस्था के लिए स्ट्रीट लाइट पोल लगाए जाएंगे।
इससे आसपास के इलाकों में आवागमन आसान होने के साथ सड़क की सुंदरता भी बढ़ेगी।
जोन A-3 में बिछाई जाएगी 350 KM सीवर लाइन
गोरखपुर शहर के सीवरेज सिस्टम को मजबूत करने के लिए जोन A-3 परियोजना का भी शिलान्यास किया जाएगा।अमृत 2.0 योजना के तहत इस परियोजना पर 721.40 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके अंतर्गत करीब 350 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन बिछाई जाएगी।