लखनऊ। राजधानी लखनऊ में बाढ़ के हालात के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को प्रभावित इलाकों में पहुंचे। उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और राहत सामग्री के तौर पर खाने का सामान वितरित किया।
लखनऊ में बाढ़ प्रभावितों के बीच पहुंचे CM योगी
मुख्यमंत्री ने प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने बाढ़ की स्थिति के लिए प्रदेश के कई जिलों और नेपाल में हुई भारी बारिश से नीचे की ओर आ रहे पानी को प्रमुख वजह बताया।
बाढ़ प्रभावितों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश के 50 से ज्यादा जिलों और नेपाल में भारी बारिश हुई है। उसी बारिश का पानी नीचे की ओर उतर रहा है, जिसके चलते कई क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति बनी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार सभी प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है।
सात दिनों से लगातार बढ़ रहा गोमती का जलस्तर
लखनऊ में पिछले 7 दिनों से गोमती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। नदी के बढ़ते जलस्तर का असर तटीय इलाकों में दिखाई दे रहा है।रिवर फ्रंट, हनुमंत धाम और चंद्रिका देवी समेत कई तटीय मंदिर बाढ़ की चपेट में बताए जा रहे हैं। वहीं फैजुल्लागंज जैसे इलाकों में भी बाढ़ के कारण स्थिति गंभीर बनी हुई है।
40 हजार घरों में 5 फीट से ज्यादा पानी
बाढ़ से प्रभावित फैजुल्लागंज समेत कई इलाकों में बड़ी संख्या में घर पानी में डूबे हुए हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, करीब 40 हजार घरों में 5 फीट से ज्यादा पानी भरा हुआ है।पानी बढ़ने के कारण कई लोग अपने घरों से पलायन कर रहे हैं। प्रभावित परिवार सुरक्षित स्थानों की ओर जाने को मजबूर हैं।
पानी कम होने वाले इलाकों में प्रदर्शन
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और स्थिति को लेकर लोगों की नाराजगी भी सामने आई। जहां पानी का स्तर कुछ कम है, वहां सोमवार को कुछ लोगों ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।