लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने समाजवादी पार्टी (SP) के घोषणा-पत्र को लेकर अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सपा के ‘जन-मन का मेनिफेस्टो’ को हवाई वादों वाला दस्तावेज बताया। उन्होंने इसे ‘थोथा चना बाजे घना’ की कहावत से जोड़ते हुए आरोप लगाया कि सपा का प्रण-पत्र वास्तव में ‘धन-मन वादी’ अधिक है।
सपा पर गरीबों, दलितों और पिछड़ों के हितों की अनदेखी का आरोप
मायावती ने अपनी पोस्ट में कहा कि समाजवादी पार्टी का राजनीतिक स्वभाव गरीबों, दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों के वास्तविक हित, कल्याण, मान-सम्मान और सुरक्षा के खिलाफ रहा है। उन्होंने सपा पर संकीर्ण और जातिवादी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया।
मायावती ने हाल ही में उत्तर प्रदेश से हुए राज्यसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि सपा ने पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) को प्राथमिकता देने के बजाय एक बड़े धन्नासेठ को तरजीह दी। उनके मुताबिक, पार्टी की नीतियों से समाज के कमजोर वर्गों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाएगा।
बोलीं- चुनावी वादों से दूर नहीं होंगी गरीबी और बेरोजगारी
बसपा प्रमुख ने सवाल उठाया कि सपा की कथित नीतियों और कार्यकलापों से उत्तर प्रदेश में गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़ापन और पलायन जैसी गंभीर समस्याएं कैसे दूर होंगी।उन्होंने आरोप लगाया कि सपा का घोषणा-पत्र समाज के अच्छे और योग्य लोगों के बजाय धनी तथा बाहुबली लोगों को चुनाव मैदान में उतारने की सोच को दर्शाता है। मायावती के अनुसार, ऐसे लोगों की प्राथमिकता जनहित के बजाय अपना स्वार्थ और निजी लाभ होता है।
‘हर हाथ को काम’ बसपा की नीति और सिद्धांत
मायावती ने कहा कि ‘हर हाथ को काम’ और ‘कानून द्वारा कानून का राज’ बहुजन समाज पार्टी की नीति और सिद्धांत हैं। उन्होंने दावा किया कि उत्तरप्रदेश में बसपा की चारों सरकारों के दौरान सर्वसमाज और सर्वजन हितैषी एजेंडे पर ईमानदारी और निष्ठा से काम किया गया।उन्होंने सपा, कांग्रेस और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों के लिए इस तरह की नीतियों पर अमल करना संभव नहीं रहा है।
आरक्षण विरोधी रवैये और दंगों को लेकर भी घेरा
मायावती ने सपा पर अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के आरक्षण को लेकर विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाया।उन्होंने कहा कि उत्तरप्रदेश में जातिवादी द्वेष और दंगों से जुड़े मुद्दों को जनता भुला नहीं सकती। मायावती ने सपा के वादों, दावों और घोषणाओं को चुनावी छलावा बताते हुए लोगों से सावधान रहने की अपील की।