लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को लखनऊ में आयोजित 5वें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को कौशल विकास का महत्व समझाते हुए कहा कि आने वाले समय में हुनरमंद लोगों की मांग तेजी से बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि कोट-पेंट पहनकर चलने वालों से ज्यादा हुनर वालों की मांग होने वाली है। प्रधानमंत्री ने सोने की खरीद को लेकर अपनी पुरानी अपील का भी जिक्र किया और कहा कि उनके आग्रह पर देशवासियों ने सोना कम खरीदा, जिससे लोगों के पैसे बचे।
हुनरमंद लोगों की बढ़ेगी मांग
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आने वाला समय कौशल और हुनर का है। जिन लोगों के पास काम करने की विशेष क्षमता और हुनर होगा, उनके लिए रोजगार के अवसर बने रहेंगे।
PM बोले- मेरे कहने पर लोगों ने कम खरीदा सोना
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में सोने की खरीद को लेकर की गई अपील का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक साल पहले उन्होंने देशवासियों से आग्रह किया था कि बहुत जरूरी नहीं हो तो एक साल तक सोना न खरीदें।पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें खुशी है कि देशवासियों ने उनकी सलाह मानी और सोने की खरीद कम की।
IIT और ITI दोनों देश की असली संपत्ति
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वे दिल्ली से निकलकर पहले बंगाल गए थे, जहां उनका कार्यक्रम IIT में था। इसके बाद लखनऊ में ITI के विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर उन्हें वैसा ही उत्साह और ऊर्जा महसूस हुई।उन्होंने कहा कि उनके लिए IIT और ITI दोनों का समान महत्व है। ये संस्थान देश की असली संपत्ति हैं और भारत के भविष्य को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
युवाओं के कौशल विकास पर दिया जोर
5वें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री ने देशभर से आए युवाओं का स्वागत करते हुए कौशल विकास के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं के सपनों, आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने में हुनर और तकनीकी प्रशिक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका है।