लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को लखनऊ पहुंचेंगे। वह गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम शाम करीब 5:30 बजे शुरू होगा। इस दौरान प्रधानमंत्री देशभर के 52 राष्ट्रीय स्तर के मेधावी प्रशिक्षुओं को सम्मानित करेंगे और समारोह को संबोधित भी करेंगे।
आईटीआई, एनएसटीआई और आईटीओटी के टॉपर्स होंगे सम्मानित
समारोह में आईटीआई, नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (एनएसटीआई) और इंस्टीट्यूट फॉर ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स (आईटीओटी) के 52 टॉपर्स को सम्मानित किया जाएगा। इसका उद्देश्य कौशल विकास और व्यावसायिक प्रशिक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को प्रोत्साहित करना है।
पहली बार दिल्ली से बाहर लखनऊ में आयोजन
राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह की शुरुआत शैक्षणिक सत्र 2021-22 में हुई थी। अब तक इसका आयोजन दिल्ली में होता रहा है, लेकिन पांचवें समारोह के लिए पहली बार लखनऊ को चुना गया है।इस बार कार्यक्रम में प्रधानमंत्री कौशल विकास और रोजगारपरक प्रशिक्षण से जुड़े प्रयासों पर अपनी बात रखेंगे। साथ ही प्रधानमंत्री स्किलिंग एंड एम्प्लॉयबिलिटी ट्रांसफॉर्मेशन थ्रू अपग्रेडेड आईटीआई (पीएम-सेतु) योजना की प्रगति भी कार्यक्रम का हिस्सा होगी।
राजनाथ सिंह और जयंत चौधरी भी रहेंगे मौजूद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्री जयंत चौधरी भी समारोह में शामिल होंगे। समारोह के माध्यम से युवाओं को कौशल आधारित शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण और रोजगार के अवसरों से जोड़ने का संदेश दिया जाएगा।
तीन राज्यों के दौरे के बाद लखनऊ पहुंचेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शनिवार का कार्यक्रम काफी व्यस्त रहेगा। वह सुबह करीब 9:45 बजे पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में आईआईटी के प्लेटिनम जुबली समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद बिहार के वैशाली में विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।इन कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री लखनऊ पहुंचेंगे और शाम करीब 5:30 बजे इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगे।