बाराबंकी: उत्तरप्रदेश के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। सुबेहा थाना क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 53.3 पर जयपुर से पश्चिम बंगाल जा रही एक एंबुलेंस आगे चल रही पिकअप में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि एंबुलेंस में पहले से ही एक मृत व्यक्ति का शव रखा हुआ था।
सुबह 6:30 बजे हुआ भीषण सड़क हादसा
प्रभारी एसपी के मुताबिक, हादसा शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। एंबुलेंस जयपुर से एक शव लेकर पश्चिम बंगाल जा रही थी। इसी दौरान सुबेहा थाना क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 53.3 पर एंबुलेंस आगे चल रही पिकअप में पीछे से टकरा गई।टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस में सवार पांच लोगों की जान चली गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
एंबुलेंस में पहले से रखा था एक शव
इस हादसे की सबसे विचलित करने वाली बात यह रही कि एंबुलेंस पहले से ही एक मृत व्यक्ति का शव लेकर जयपुर से पश्चिम बंगाल जा रही थी। लेकिन रास्ते में हुए भीषण हादसे ने पांच और लोगों की जान ले ली।