लखनऊ: उत्तरप्रदेश में नकली और काउंटरफिट दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के तहत 7.57 करोड़ रुपये की नकली दवाएं सीज की गई हैं। मामले में अब तक 24 FIR दर्ज कराई गई हैं, जिनमें 45 फर्मों और 90 लोगों को नामजद किया गया है।जांच में सामने आया है कि नामी दवा कंपनियों के चर्चित ब्रांड की पैकिंग और लेबल की नकल कर नकली दवाएं बाजार में बेची जा रही थीं। इस कारोबार का नेटवर्क उत्तर प्रदेश के अलावा उत्तराखंड, मध्यप्रदेश और हिमाचल प्रदेश तक फैला हुआ था। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। विभाग अब नकली दवाओं के निर्माण के मुख्य स्रोत और सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रहा है।
एक ही नाम और पार्टनरशिप पर लिए आठ दवा फर्मों के लाइसेंस
जांच में अमरोहा और मुरादाबाद में एक ही नाम और पार्टनरशिप के तहत आठ अलग-अलग दवा फर्मों के लाइसेंस लेने का मामला सामने आया है। आरोप है कि इन फर्मों का इस्तेमाल वास्तविक खुदरा बिक्री के बजाय फर्जी बिलिंग, नकली दवाओं के भंडारण और अवैध वितरण के लिए किया जा रहा था।इन फर्मों के जरिए दवाओं की सप्लाई का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था। विभाग ने अवैध कारोबार में शामिल फर्मों के दवा लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी शुरू कर दी है।
एक दवा के सैंपल से खुला नकली कारोबार का नेटवर्क
इस पूरे मामले की शुरुआत अमरोहा के चौधरपुर स्थित आरबी मेडिकल स्टोर से हुई। यहां 12 जून 2026 को मोक्सीफीट-सीवी 625 टैबलेट का सैंपल लिया गया था। जांच के लिए इसे राजकीय विश्लेषक प्रयोगशाला, लखनऊ भेजा गया।प्रयोगशाला की जांच में दवा नकली पाई गई। इसके बाद वास्तविक निर्माता पोलिस्टर पावर इंडस्ट्रीज और मार्केटर हेल्थप्राइड से भी संबंधित बैच की पुष्टि कराई गई। दोनों कंपनियों ने दवा को नकली बताया।इसके बाद FSDA ने दवा की सप्लाई चेन की पड़ताल शुरू की। जांच में मुरादाबाद की जेड आर मेडिकल के जरिए अमरोहा और मुरादाबाद की एरिबा फार्मास्युटिकल्स तक नेटवर्क के तार पहुंचे।
फर्जी बिलिंग के जरिए चल रहा था कारोबार
मुख्यालय के निर्देश पर किए गए औचक निरीक्षण में एरिबा फार्मास्युटिकल्स के पार्टनर अमित कुमार के संबंध में जानकारी सामने आई। आरोप है कि अमित कुमार ने आसिफ से नकली दवा लेकर उसका वितरण किया था।इस मामले में औषधि निरीक्षक की तहरीर पर मुरादाबाद के सिविल लाइंस थाने में अमित कुमार, आसिफ, वासिफ और अन्य के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई।पुलिस ने रविंदर, शिवम और आसिफ को गिरफ्तार किया है। वहीं, विभाग नकली दवाओं के निर्माण और वितरण में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रहा है।
30 से ज्यादा चर्चित ब्रांड की नकली दवाएं मिलीं
जांच के दौरान कई नामी दवा कंपनियों के ब्रांड की नकली दवाएं पकड़ी गई हैं। इनमें ग्लेनमार्क की टेल्मा, एबॉट की केनोकॉर्ट इंजेक्शन, एरिस्टो फार्मा की पैनटॉप-40, एल्केम की क्लैवम और पैन डी शामिल हैं।इसके अलावा ग्लैक्सोस्मिथक्लाइन की ऑगमेंटिन-625, मैनकाइंड की गुडसेफ, टोरेंट की शायमोरल फोर्ट, मैक्लियोड्स की डेफकोर्ट-6 और डॉ. रेड्डीज की राजो-डी भी सूची में शामिल हैं।
सन फार्मा की रोसुवास, इंटास की लेवेरा-500 और जाइडस की लिपाग्लिन समेत कई अन्य कंपनियों के ब्रांड की नकली दवाएं भी पकड़ी गई हैं। जांच में एंटीबायोटिक, दर्द निवारक और गैस्ट्रिक संबंधी दवाओं के नकली उत्पाद सामने आए हैं।
सात जिलों में दर्ज हुईं 24 FIR
FSDA के मुताबिक, नकली और काउंटरफिट दवाओं के निर्माण, भंडारण और खरीद-बिक्री के मामलों में अब तक 24 FIR दर्ज कराई गई हैं।
इनका जिलेवार विवरण इस प्रकार है
आगरा और लखनऊ में 9-9 FIR
वाराणसी में 2 FIR
सहारनपुर, गोंडा, मेरठ और रायबरेली में 1-1 FIR
चार राज्यों में मिलीं अवैध दवा निर्माण इकाइयां
जांच के दौरान चार राज्यों में अवैध दवा निर्माण इकाइयों का पता चला है। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के देवबंद में एक इकाई मिली है।इसके अलावा उत्तराखंड के देहरादून में दो, मध्यप्रदेश के उज्जैन में एक और हिमाचल प्रदेश के सोलन में दो अवैध निर्माण इकाइयों पर कार्रवाई की गई है।विभाग इन इकाइयों से जुड़े सप्लायरों और अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रहा है।
पूरे नेटवर्क को खत्म करने का लक्ष्य: FSDA सचिव
FSDA की सचिव ने कहा कि नकली दवाओं का कारोबार मरीजों की सेहत और जिंदगी के साथ खिलवाड़ है। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।उन्होंने बताया कि विभाग का लक्ष्य केवल नकली दवाओं की जब्ती और आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि निर्माण स्रोत से लेकर सप्लाई चेन की आखिरी कड़ी तक पूरे नेटवर्क को खत्म करना है। प्रदेश के किसी भी मरीज तक नकली या अमानक दवा न पहुंचे, इसके लिए कार्रवाई जारी रहेगी।