लखनऊ: दिवाली के बाद उत्तरप्रदेश में कोहरा और प्रदूषण लोगों की परेशानी बढ़ाने लगा है। मंगलवार सुबह संभल, हापुड़, बिजनौर और शामली समेत प्रदेश के 15 शहरों में घना कोहरा छाया रहा। कई इलाकों में विजिबिलिटी इतनी कम हो गई कि 10 से 20 मीटर दूर तक देखना मुश्किल हो गया। वहीं, दिवाली पर हुई आतिशबाजी के बाद हवा की गुणवत्ता भी बिगड़ गई है। नोएडा, बुलंदशहर, गाजियाबाद और बागपत में AQI 300 के पार पहुंच गया। मौसम विभाग ने बुधवार को पूरे प्रदेश में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। अगले दो दिनों में तापमान गिरने से ठंड और बढ़ने की संभावना है।
यूपी के 15 शहरों में घना कोहरा, विजिबिलिटी घटी
प्रदेश में सुबह और रात के समय कोहरे का असर बढ़ने लगा है। मंगलवार सुबह संभल, हापुड़, बिजनौर और शामली समेत 15 शहरों में घना कोहरा देखने को मिला।कई जगहों पर दृश्यता घटकर 10 से 20 मीटर तक रह गई। इससे सड़कों पर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम में नमी और बदलती हवाओं के कारण सुबह के समय धुंध और कोहरे का असर बना हुआ है।मौसम विभाग ने बुधवार को पूरे उत्तर प्रदेश में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है।
नोएडा-गाजियाबाद की हवा सबसे ज्यादा खराब, AQI 300 पार
दिवाली के दौरान हुई आतिशबाजी का असर अब हवा की गुणवत्ता पर दिखाई देने लगा है। प्रदेश के कई शहरों में प्रदूषण का स्तर बढ़ गया है।सोमवार शाम प्रमुख शहरों का AQI इस प्रकार रिकॉर्ड किया गया
नोएडा: 332
बुलंदशहर: 331
गाजियाबाद: 324
बागपत: 305
लखनऊ: 200
AQI 300 से ऊपर पहुंचने पर हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में मानी जाती है। ऐसे में सांस संबंधी परेशानी वाले लोगों, बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
यूपी में 15 डिग्री से नीचे पहुंचा तापमान
प्रदेश में ठंड का असर भी धीरे-धीरे बढ़ रहा है। कई जिलों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है।हरदोई में न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री और कानपुर में 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन दोनों शहरों में प्रदेश के सबसे कम तापमान रिकॉर्ड किए गए।मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाएं तेज होने के साथ ही रात के तापमान में और गिरावट आएगी। इससे आने वाले दिनों में ठंड का असर बढ़ सकता है।
दो दिन बाद बढ़ेगी कड़ाके की ठंड
उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाओं के तेज होने से न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। इसके कारण प्रदेश में ठंड और बढ़ने की संभावना है।मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में तापमान गिरने से सुबह और रात के समय सर्दी ज्यादा महसूस होगी। खासकर खुले इलाकों और ग्रामीण क्षेत्रों में ठंड का असर अधिक रह सकता है।
लखनऊ से प्रयागराज तक जानिए बड़े शहरों का मौसम
लखनऊ: राजधानी में ठंड बढ़ने लगी है। सुबह के समय हल्का कोहरा दिखाई दिया। वहीं, हवा की गुणवत्ता भी खराब रही और AQI 200 रिकॉर्ड किया गया।
कानपुर: शहर में सुबह से सर्द हवाएं चल रही हैं। सड़कों पर हल्की धुंध देखने को मिली। दिन में धूप निकलने से तापमान बढ़ सकता है, जबकि रात में ठंड का असर रहेगा।
वाराणसी: काशी में फिलहाल मौसम साफ है, लेकिन दिवाली पर हुई आतिशबाजी के बाद वातावरण में धुंध दिखाई दे रही है। हवा में नमी के कारण ठंड महसूस हो रही है।
प्रयागराज: शहर में मौसम साफ है, लेकिन हवाओं के कारण ठंड बढ़ी है। ग्रामीण इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जबकि शहरी क्षेत्रों में धुंध देखने को मिली।