चंपावत : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपनी विधानसभा चंपावत के सीमांत क्षेत्र बनबसा के दौरे पर पहुंचे। बनबसा पहुंचने पर भाजपा नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनपद चंपावत को ₹165.68 करोड़ की लागत वाली 54 विकास योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के साथ ही कई विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया।
मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पित एवं शिलान्यास की गई 54 योजनाओं में 21 योजनाओं का लोकार्पण और 33 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इन विकास योजनाओं पर कुल ₹16,567.56 लाख की लागत आएगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। साथ ही सरकारी योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पांच उत्कृष्ट लाभार्थियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चंपावत की पावन धरती पर आयोजित यह कार्यक्रम केवल विकास योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास तक सीमित नहीं है बल्कि आदर्श चंपावत के संकल्प प्रतिबद्धता और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इन योजनाओं के माध्यम से जनपद में सड़क जल निकासी नागरिक सुविधाओं पर्यटन शिक्षा और स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास को नई गति मिलेगी।
टनकपुर-बनबसा को जलभराव से मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री ने टनकपुर और बनबसा क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ₹86.83 करोड़ की लागत से स्वीकृत जल निकासी योजना को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत टनकपुर में लगभग 21 किलोमीटर से अधिक और बनबसा में लगभग 7.7 किलोमीटर लंबाई में नालियों एवं जल निकासी व्यवस्था का निर्माण और सुधार किया जाएगा।
इस परियोजना के पूरा होने से बरसात के दौरान दोनों क्षेत्रों में होने वाले जलभराव की समस्या से स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
टनकपुर में बनेगा आधुनिक अंतरराज्यीय बस अड्डा
मुख्यमंत्री ने कहा कि टनकपुर और बनबसा उत्तराखंड एवं नेपाल के बीच व्यापार आवागमन पर्यटन और सांस्कृतिक संबंधों के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। इन क्षेत्रों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि टनकपुर में ₹237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस अड्डे का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत शारदा घाट के पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण के लिए प्रथम चरण में ₹107.35 करोड़ की परियोजना पर कार्य गतिमान है। शारदा कॉरिडोर की समग्र परियोजना की लागत ₹3,000 करोड़ से अधिक है। इससे क्षेत्र में पर्यटन और धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पूर्णागिरि धाम में भी महत्वपूर्ण विकास कार्य किए जा रहे हैं जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
लोहाघाट में ₹256.97 करोड़ से बन रहा महिला स्पोर्ट्स कॉलेज
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खेल सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दे रही है। इसी क्रम में लोहाघाट में ₹256.97 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस स्पोर्ट्स कॉलेज के बनने से पर्वतीय क्षेत्र की बेटियों को खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिलेंगे। इससे उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने में मदद मिलेगी।
कांग्रेस पर साधा निशाना 2027 में फिर भाजपा सरकार बनने का दावा
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है जिस कारण कांग्रेसी बौखलाए हुए हैं। उनका काम अब केवल सरकार पर आरोप लगाना रह गया है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि वर्ष 2027 में एक बार फिर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने जा रही है।
कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री ने चंपावत में चल रहे विकास कार्यों को गति देने और क्षेत्र को आदर्श जनपद बनाने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।