उत्तरकाशी : जनपद उत्तरकाशी की नगरपालिका परिषद चिन्यालीसौड़ में कूड़ा निस्तारण के नाम पर बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। नगरपालिका की ओर से कूड़ा निस्तारण का जिम्मा संभाल रही कंपनी पर आरोप है कि उसने रातोंरात कई टन कूड़ा भागीरथी नदी से महज 10 मीटर की दूरी पर खुले में डंप कर दिया। नदी के इतने नजदीक कूड़ा डाले जाने से भागीरथी नदी के प्रदूषित होने और आसपास के पर्यावरण को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है।
कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल
मामले की जानकारी मिलने के बाद नगरपालिका अध्यक्ष मनोज कोहली मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पालिकाध्यक्ष मनोज कोहली के अनुसार चिन्यालीसौड़ नगर के कूड़े के सेग्रीगेशन पृथक्करण और निस्तारण के लिए संबंधित कंपनी को 15 वर्षों का ठेका दिया गया है। अनुबंध के तहत कंपनी की जिम्मेदारी है कि वह शहर से एकत्रित कूड़े का वैज्ञानिक तरीके से पृथक्करण करे और उसके बाद निर्धारित मानकों के अनुरूप उसका उचित निस्तारण सुनिश्चित करे।
गोशाला के समीप खुले में कूड़ा डंप
हालांकि आरोप है कि कंपनी ने अनुबंध की शर्तों के अनुसार कूड़े का सेग्रीगेशन और निस्तारण करने के बजाय उसे नगरपालिका की गोशाला के समीप खुले में डंप कर दिया। यह स्थान भागीरथी नदी से महज 10 मीटर की दूरी पर स्थित है। ऐसे में नदी के किनारे इस तरह कूड़ा जमा किए जाने से पर्यावरणीय सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
पालिकाध्यक्ष ने इस मामले को पर्यावरणीय नियमों और राष्ट्रीय हरित अधिकरण एनजीटी के मानकों का उल्लंघन बताते हुए कहा कि नदी के इतने नजदीक कूड़ा डंप करना बेहद गंभीर विषय है। इससे भागीरथी नदी के प्रदूषित होने के साथ ही आसपास के क्षेत्र में भी पर्यावरणीय नुकसान होने की आशंका है।
उन्होंने कहा कि कंपनी को नगर के कूड़े का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी लेकिन जिस तरह से कूड़ा खुले में डंप किया गया है उससे नगर की स्वच्छता व्यवस्था और कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मनोज कोहली की मांग
पालिकाध्यक्ष मनोज कोहली ने इस मामले में सुप्रीम कोर्ट से भी स्वतः संज्ञान लेने की मांग की है। साथ ही उन्होंने संबंधित कंपनी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की अपील की है ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो और भागीरथी नदी के पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सके।