चंपावत : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं मुख्य सचिव उत्तराखंड के दिशा-निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने उपजिला चिकित्सालय लोहाघाट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई चिकित्सा उपकरणों और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ऑक्सीजन प्लांट शीघ्र चालू
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में स्थापित ऑक्सीजन प्लांट को शीघ्र चालू करने के लिए तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल परिसर में उपयोग में नहीं आ रहे भवनों को दुरुस्त कर उन्हें जनहित में इस्तेमाल में लाने को कहा।
जिलाधिकारी ने नगर पालिका को प्रत्येक 15 दिन में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर अस्पताल परिसर और उसके आसपास सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। वहीं अस्पताल प्रशासन को वार्डों और चिकित्सालय के आंतरिक हिस्सों में नियमित रूप से साफ-सफाई बनाए रखने को कहा।
प्रसव कक्ष का निरीक्षण
इसके अलावा जिलाधिकारी ने अस्पताल में मरीजों के साथ आने वाले तीमारदारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उनके लिए रैन बसेरे और पीने के लिए गर्म पानी की व्यवस्था कराने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने अस्पताल के नवनिर्मित ऑपरेशन थिएटर और प्रसव कक्ष का भी निरीक्षण किया तथा वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे बातचीत कर अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान मरीजों और तीमारदारों ने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष जताया। वहीं प्रसूता महिलाओं के साथ आए तीमारदारों ने अस्पताल में मिल रही व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार की कार्यप्रणाली के प्रति आभार व्यक्त किया और उन्हें धन्यवाद दिया।
स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान
जिलाधिकारी ने बताया कि उत्तराखंड शासन के निर्देशों के क्रम में जनसुविधा से जुड़े स्थलों पर स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को जिला चिकित्सालय और जनपद के समस्त उपजिला चिकित्सालयों में साफ-सफाई एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
व्यवस्थाओं का लिया जायजा
उन्होंने बताया कि संबंधित उपजिलाधिकारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में चिकित्सालयों का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। इस अभियान का उद्देश्य अस्पतालों में स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही मरीजों और उनके तीमारदारों को सुविधाजनक स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराना है।