हरिद्वार : धर्मनगरी हरिद्वार के व्यस्त अपर रोड पर नगर कोतवाली के पास अचानक सड़क धंसने से बड़ा गड्ढा बन गया। सड़क धंसने की घटना से मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही पूरी तरह थम गई। गनीमत रही कि सड़क धंसने के समय कोई वाहन इसकी चपेट में नहीं आया जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग पीडब्ल्यूडी की टीम मौके पर पहुंची और सड़क की स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद गड्ढे की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया। सड़क धंसने के कारण यातायात प्रभावित होने से राहगीरों और स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
हाल ही में हुई थी सड़क की मरम्मत
सड़क धंसने की घटना ने पीडब्ल्यूडी और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि जिस स्थान पर सड़क धंसी है वहां हाल ही में मरम्मत का काम कराया गया था। इसके बावजूद सड़क का अचानक धंस जाना सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े करता है।
व्यापारियों का कहना है कि अपर रोड हरिद्वार का बेहद महत्वपूर्ण और यात्री बाहुल्य क्षेत्र है। यहां रोजाना बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ-साथ श्रद्धालु और पर्यटक आवाजाही करते हैं। ऐसे में सड़क की खराब स्थिति किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।