खटीमा : उत्तराखंड के खटीमा क्षेत्र के झनकईया स्थित शारदा घाट पर आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल खटीमा की ओर से प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी मां गंगा की भव्य आरती का आयोजन किया गया। इस दौरान 2100 दीप प्रज्ज्वलित कर मां गंगा की आरती की गई। हजारों दीपों की रोशनी से पूरा शारदा घाट जगमगा उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और भक्तिभाव के साथ मां गंगा की आरती की। दीपों की जगमगाहट और आरती के दौरान गूंजते भक्ति भाव से जुड़े जयकारों ने आयोजन को विशेष बना दिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस धार्मिक आयोजन के साक्षी बने।
कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस भव्य आयोजन में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सावित्री चंद महिला परिषद की प्रदेश अध्यक्ष पदमा अवस्थी राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रदेश महामंत्री रोशन रावत ऊधम सिंह नगर जिला अध्यक्ष संजू सक्सेना तहसील अध्यक्ष मोंटी सिंह और नगर अध्यक्ष संदीप कश्यप सहित संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा बड़ी संख्या में माताएं-बहनें और राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। सभी ने मिलकर मां गंगा की आरती में भाग लिया और धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया।
क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना
इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने मां गंगा की आरती कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि खुशहाली और शांति की कामना की। आयोजन में शामिल लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के समापन पर ऊधम सिंह नगर के जिला अध्यक्ष संजू सक्सेना ने आयोजन में शामिल सभी श्रद्धालुओं मातृशक्ति और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
2100 दीपों की जगमगाहट के बीच आयोजित मां गंगा की यह भव्य आरती श्रद्धालुओं के लिए आस्था और आकर्षण का केंद्र बनी रही। शारदा घाट पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय माहौल से सराबोर कर दिया।