कोटद्वार: उत्तराखंड के कोटद्वार में शनिवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। रिखणीखाल ब्लॉक के सिद्धखाल-कलवाड़ी-सतपुली मार्ग पर कलवाड़ी बैंड के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 7 महिलाएं और एक ड्राइवर शामिल हैं। वहीं 4 लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान में जुट गए।
300 मीटर गहरी खाई में गिरी कार
जानकारी के मुताबिक, हादसा सिद्धखाल-कलवाड़ी-सतपुली मार्ग पर कलवाड़ी बैंड के पास हुआ। यहां कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से फिसलकर करीब 300 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी।टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
एक ही गांव की रहने वाली थीं सभी महिलाएं
बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी महिलाएं एक ही गांव की रहने वाली थीं। ये सभी बैंणी-भुली योजना के फॉर्म भरने के लिए सिद्धखाल गई थीं।फॉर्म भरने के बाद सभी कार से अपने गांव भगलवाण लौट रही थीं। इसी दौरान कलवाड़ी बैंड के पास वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार गहरी खाई में गिर गई।
हादसे में 8 की मौत, 4 लोग घायल
लैंसडाउन थाने की सीओ अस्मिता के मुताबिक, हादसे में कुल 8 लोगों की मौत हुई है। मृतकों में 7 महिलाएं और एक ड्राइवर शामिल हैं। इसके अलावा 4 लोग घायल हुए हैं।प्रशासन की टीम ने सभी शवों को खाई से बाहर निकाल लिया है। घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक चिकित्सा केंद्र रिखणीखाल में भर्ती कराया गया है।
प्रशासन की टीम ने चलाया रेस्क्यू अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण रेस्क्यू अभियान में मुश्किलें आईं।फिलहाल घायलों का इलाज जारी है।