देहरादून। उत्तराखंड में मानसून के सक्रिय रहने के बीच मौसम विभाग ने आज 8 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। देहरादून और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट, जबकि पौड़ी, चंपावत, टिहरी, पिथौरागढ़, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। पिथौरागढ़ में BRO का पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद धारचूला-गुंजी कैलाश मानसरोवर मार्ग बंद हो गया है।
देहरादून-बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के देहरादून केंद्र के मुताबिक देहरादून और बागेश्वर में आज भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए दोनों जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।वहीं पौड़ी, चंपावत, टिहरी, पिथौरागढ़, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर में यलो अलर्ट है। इन जिलों में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
पौड़ी में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
खराब मौसम और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने पौड़ी गढ़वाल जिले में सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। आंगनबाड़ी केंद्रों को भी बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।प्रशासन ने बारिश और भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों में लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
लैंडस्लाइड में 3 लोगों की मौत
पौड़ी गढ़वाल के महरगांव में बारिश के दौरान भूस्खलन की चपेट में आने से एक मकान मलबे में दब गया। हादसे में चार लोग दब गए थे।रेस्क्यू अभियान के बाद तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई, जबकि एक व्यक्ति को सुरक्षित बचा लिया गया। पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।
124 सड़कें बंद, आवाजाही प्रभावित
लगातार बारिश और भूस्खलन का असर उत्तराखंड के सड़क नेटवर्क पर भी पड़ा है। प्रदेश में 124 सड़कें बंद होने की जानकारी सामने आई है।
BRO का कुलागाड़ वैली ब्रिज क्षतिग्रस्त
पिथौरागढ़ के धारचूला क्षेत्र में भारी बारिश के दौरान पहाड़ी से गिरे बड़े बोल्डर की चपेट में आने से BRO का कुलागाड़ वैली ब्रिज ध्वस्त हो गया।पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद चीन सीमा से जुड़ने वाला धारचूला-गुंजी यानी कैलाश मानसरोवर मोटर मार्ग बंद हो गया है। इसके साथ ही व्यास, दारमा और चौदास घाटियों का सड़क संपर्क भी प्रभावित हुआ है।
नदियां चेतावनी स्तर के करीब
लगातार बारिश के कारण उत्तराखंड की कई प्रमुख नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। अलकनंदा, मंदाकिनी, गंगा और भागीरथी समेत कई नदियां चेतावनी स्तर के करीब बह रही हैं।नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को प्रशासन की ओर से सतर्क रहने की सलाह दी गई है। बारिश बढ़ने पर जलस्तर में और वृद्धि की संभावना बनी हुई है।
बिजली-पानी की सेवाओं पर भी असर
भारी बारिश और भूस्खलन के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में जलभराव, बिजली आपूर्ति और पेयजल सेवाएं प्रभावित हुई हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में सड़कें बंद होने से राहत और जरूरी सेवाओं की आवाजाही भी चुनौतीपूर्ण बनी हुई है।प्रशासन और संबंधित विभाग बंद सड़कों को खोलने और प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सेवाएं बहाल करने में जुटे हैं।