देहरादून - श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर कमेटी (बीकेटीसी) की देहरादून में हुई बजट बैठक में बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लिया गया। बैठक में बदरीनाथ और केदारनाथ मंदिरों में गैर-सनातनियों के प्रवेश पर रोक लगाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। यह निर्णय आगामी चार धाम यात्रा 2026-27 को ध्यान में रखकर लिया गया है।
श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर कमेटी का बड़ा फैसला
बैठक की अध्यक्षता श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर कमेटी ( बीकेटीसी ) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने की। उन्होंने बताया कि मंदिरों में प्रवेश और प्रबंधन को और अधिक सुव्यवस्थित बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है। इस निर्णय के साथ यह स्पष्ट किया गया है कि केवल सनातन धर्म के अनुयायी ही इन धामों में यात्रा कर सकेंगे।
यात्रा के लिए 121.07 करोड़ रुपये का बजट मंजूर
बैठक में आगामी यात्रा के लिए 121.07 करोड़ रुपये से अधिक का बजट भी मंजूर किया गया। इसमें बदरीनाथ धाम के लिए लगभग 57.47 करोड़ रुपये और केदारनाथ धाम के लिए 63.60 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। यह बजट मंदिरों की व्यवस्थाओं, सुरक्षा, श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं और हेरिटेज संरचनाओं के रख-रखाव पर खर्च किया जाएगा।
चारधाम यात्रा बेहतर और सुरक्षित होंगी
श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर कमेटी ( बीकेटीसी ) अधिकारियों ने बताया कि यह निर्णय श्रद्धालुओं के अनुभव को बेहतर बनाने और मंदिरों के प्रबंधन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से लिया गया है। उन्होंने कहा कि आगामी चारधाम यात्रा में सभी व्यवस्थाएं पहले से अधिक बेहतर और सुरक्षित होंगी।
Comments (0)