मैहर में चैत्र नवरात्र मेला के दौरान 15 एक्सप्रेस ट्रेनें अस्थायी रूप से रुकेंगी। रेलवे ने लंबी दूरी की इन ट्रेनों के ठहराव को मंजूरी दे दी है। ये ट्रेनें दोनों दिशाओं में 19 मार्च से 1 अप्रैल के बीच मैहर स्टेशन पर लगभग पांच मिनट के लिए रुकेंगी। नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां शारदा देवी मंदिर के दर्शन के लिए मैहर पहुंचते हैं।
प्रदेश के साथ ही उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों से भी श्रद्धालु देवी दर्शन एवं पूजन के लिए आते हैं। लंबी दूरी की ट्रेनों के अस्थायी ठहराव से मैहर तक उनका आवागमन और सुविधाजनक हो जाएगा। इसी के साथ, पश्चिम मध्य रेलवे ने कटनी और सतना के बीच मेला स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन दोनों शहरों के बीच 14 ट्रिप चलेगी, जिसमें मैहर स्टेशन भी शामिल है।
जनरल टिकट पर मेला स्पेशल में यात्रा संभव
पश्चिम मध्य रेलवे की मेला स्पेशल ट्रेन 19 मार्च से 1 अप्रैल के बीच प्रतिदिन चलेगी। यह अनारक्षित ट्रेन होगी, जिसमें श्रद्धालु जनरल टिकट लेकर यात्रा कर सकते हैं।
ट्रेन क्रमांक 09015 कटनी से सुबह 5.25 बजे प्रस्थान करेगी, सुबह 6.55 बजे मैहर और सुबह 8.50 बजे सतना स्टेशन पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन 09016 सतना से शाम 7.25 बजे प्रस्थान करेगी, रात 8 बजे मैहर और रात 11.50 बजे कटनी जंक्शन पहुंचेगी।इस ट्रेन का ठहराव पटवारा, झुकेही, पकरिया रोड, अमदरा, घुनवारा, भदनपुर, मैहर, उंचेहरा और लगरगवां स्टेशनों पर होगा।
Comments (0)