भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मिडिल ईस्ट में बने युद्ध जैसे हालात के बीच राहुल गांधी की ओर से की जा रही राजनीति पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी लगातार देश को लज्जित करने का प्रयास कर रहे हैं और उन्हें अपनी जिम्मेदारी और गंभीरता का एहसास होना चाहिए। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि इस समय दुनिया युद्ध के मुहाने पर खड़ी है, ऐसे में देश के पक्ष और विपक्ष को एकजुट होकर काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास और प्रगति का माहौल बना है, लेकिन ऐसे समय में राहुल गांधी द्वारा लगातार देश और प्रशासन को लज्जित करने का काम किया जा रहा है, जिसकी वे कड़ी निंदा करते हैं। सीएम ने प्रदेशवासियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में किसी प्रकार की कोई किल्लत नहीं है। प्रशासन को पूरी तरह मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं। एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है और कालाबाजारी पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी प्रकार की घबराहट की जरूरत नहीं है और अफवाहों पर ध्यान न दें।
ईरान ने केवल भारत के लिए खोला रास्ता: सिंधिया
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने मिडिल ईस्ट के हालात को देखते हुए सक्रिय कूटनीतिक प्रयास किए हैं। उन्होंने बताया कि युद्ध जैसे हालात के बीच भारतीय छात्रों और नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए चार कैबिनेट मंत्रियों को विदेश भेजा गया था और दोनों पक्षों ने इसमें सहयोग किया।
स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज से गुजरता है दुनिया का तेल
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज दुनिया का बेहद संवेदनशील समुद्री मार्ग है, जहां से विश्व के कई देशों के लिए तेल और गैस की सप्लाई होती है। मौजूदा परिस्थितियों में कई देशों के लिए यह मार्ग बाधित है।
भारत में आपूर्ति प्रभावित नहीं होगी
सिंधिया ने कहा कि ईरान ने भारत के लिए इस मार्ग को खोला है ताकि देश में तेल और गैस की आपूर्ति प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भारत की मजबूत कूटनीति का परिणाम है कि संकट के समय भी देश के हितों का ध्यान रखा जा रहा है।
Comments (0)