मध्यप्रदेश में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। मार्च के महीने में ही मई जैसी तेज गर्मी महसूस होने लगी है। एक ओर नर्मदापुरम में तेज लू चल रही है और तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है, वहीं दूसरी ओर मौसम विभाग ने कई इलाकों में बारिश की चेतावनी दी है। 14 मार्च से सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में अगले तीन दिनों तक मौसम बदल सकता है। ग्वालियर-चंबल, जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
दूसरे दिन भी नर्मदापुरम सबसे गर्म
मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले में गर्मी ने तेजी से असर दिखाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन यहां तेज लू चली और तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के ज्यादातर बड़े शहरों में पारा 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। राजधानी भोपाल में भी तापमान 37.8 डिग्री तक पहुंच गया, जिससे दोपहर के समय सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम नजर आ रही है।
Comments (0)