चंपावत जिले के लोहाघाट में लंबे समय से जानवरों के वध के लिए स्लॉटर हाउस निर्माण और चिकित्सकीय परीक्षण की मांग की जा रही थी ताकि जनता को सुरक्षित और स्वस्थ पशु मांस उपलब्ध हो सके। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार के निर्देश पर नगर पालिका लोहाघाट ने लोहाघाट की मीट मंडी के पास स्लॉटर हाउस का निर्माण कार्य पूरा कर लिया है।
ईटीपी संयंत्र निर्माण के लिए निविदाएं आमंत्रित
नगर पालिका लोहाघाट के अधिशासी अधिकारी सौरभ नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि स्लॉटर हाउस का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि स्लॉटर हाउस में ईटीपी Effluent Treatment Plant संयंत्र निर्माण के लिए निविदाएं आमंत्रित की जा चुकी हैं और जल्द ही इसका निर्माण कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा।
सौरभ नेगी ने आगे कहा कि स्लॉटर हाउस बनने के बाद मांस के लिए वध किए जाने वाले पशुओं का पशु चिकित्सकों द्वारा चिकित्सा परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद ही आधुनिक तकनीक के तहत स्लॉटर हाउस में पशुओं का वध किया जाएगा जिससे जनता को स्वस्थ और सुरक्षित मांस उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में सभी मीट व्यापारियों को जानकारी दे दी गई है। वहीं जनता ने प्रशासन के इस कदम की सराहना की है और इसे स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
यह कदम लोहाघाट में मांस की आपूर्ति को व्यवस्थित करने और जनता को स्वास्थ्यवर्धक मांस उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।
Comments (0)