उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने अपने दो दिवसीय दौरे पर चंपावत पहुंचकर भाजपा पर तीखे हमले किए। लोहाघाट में आयोजित एक कार्यक्रम में हरीश रावत ने भाजपा की नीतियों और उनके द्वारा फैलाई गई अफवाहों की कड़ी आलोचना की।
जुमे की छुट्टी की अफवाहें फैलाने का आरोप
हरीश रावत ने भाजपा पर आरोप लगाया कि उन्होंने उनके खिलाफ जुमे की छुट्टी की अफवाहें फैला कर जनता को गुमराह किया। उन्होंने कहा कि 2017 में भाजपा ने उनके खिलाफ झूठ बोला था कि उन्होंने जुम्मे की छुट्टी की है, जबकि ऐसा कोई आदेश नहीं था।
मुस्लिम यूनिवर्सिटी की अफवाहें भी फैलाई गईं
हरीश रावत ने कहा कि 2022 में भाजपा ने हवा चलाई थी कि कांग्रेस आएगी तो प्रदेश में मुस्लिम यूनिवर्सिटी खोल दी जाएगी। उन्होंने भाजपा के नेताओं से पूछा कि वह दिखाएं कि वह आदेश कहां है और कब जुम्मे की छुट्टी संस्थानों में हुई थी।
गोलू दरबार में लगाएंगे अर्जी
हरीश रावत ने कहा कि भाजपा ने उनके खिलाफ जो महा झूठ बोले हैं, उसके खिलाफ वह चंपावत में न्याय के देवता गोलू देव के मंदिर में प्रार्थना कर न्याय के लिए अर्जी लगाएंगे। उन्होंने कहा कि अब गोलू देव ही मामले में न्याय करेंगे।
जनता का ध्यान हटाने के लिए धर्म की राजनीति
हरीश रावत ने आरोप लगाया कि भाजपा जनता का ध्यान हटाने के लिए धर्म की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता महंगाई, बेरोजगारी और मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन भाजपा जनता को आपस में लड़ाने के लिए धर्म का सहारा ले रही है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील
हरीश रावत ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे भाजपा की मनमानी के खिलाफ जोरदार तरीके से आवाज उठाएं। उन्होंने कहा कि जनता ने ही भाजपा को शीर्ष में पहुंचाया है और जनता ही भाजपा को पाताल में भी पहुंचाएगी।
Comments (0)