हरिद्वार के बहादराबाद थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब अतमलपुर बौगला बाईपास के पास स्थित एक खेत में एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने लोगों से की पूछताछ
सूचना पर बहादराबाद थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और इलाके को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक के सिर पर किसी भारी वस्तु, संभवतः हथौड़े जैसे हथियार से वार किए जाने के निशान पाए गए हैं। इससे पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है जिसके लिए पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटा रही है और गुमशुदगी के रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।