उत्तर 24 परगना (पश्चिम बंगाल): पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के जगदल में सोमवार को नरेंद्र मोदी की रैली से पहले हिंसा भड़क गई। रविवार रात भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झड़प हुई, जिसमें पत्थरबाजी, फायरिंग और देशी बम फेंके जाने की घटनाएं सामने आईं।
हिंसा में कई लोग घायल
इस घटना में तीन लोग घायल हो गए, जबकि एक CISF जवान के पैर में गोली लगने का दावा किया गया है। इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
रैली स्थल के पास हुआ बवाल
- जगदल के जलेबी माठ मैदान में प्रधानमंत्री की रैली प्रस्तावित है। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि रैली से पहले लगाए गए पोस्टर और झंडों को फाड़ दिया गया।
- शिकायत करने थाने पहुंचे कार्यकर्ताओं का TMC समर्थकों से आमना-सामना हो गया, जिसके बाद थाने के सामने ही विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
BJP उम्मीदवार के घर पर बम फेंकने का आरोप
रिपोर्ट्स के मुताबिक, भाटपाड़ा सीट से भाजपा उम्मीदवार पवन कुमार सिंह के घर पर भी बम फेंका गया। हालांकि, इस मामले में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
चुनाव प्रचार का आखिरी दिन
राज्य में आज चुनाव प्रचार का अंतिम दिन है। दूसरे चरण की वोटिंग 29 अप्रैल को होनी है, जिसके चलते सभी पार्टियों ने अपनी ताकत झोंक दी है।
आज के बड़े चुनावी कार्यक्रम
- अमित शाह आज दो रोड शो करेंगे — कोलकाता और हुगली में
- ममता बनर्जी जादवपुर और भवानीपुर में जनसभाएं करेंगी
- पीएम मोदी की जगदल में बड़ी रैली प्रस्तावित
मोदी ने किए मां काली के दर्शन
रविवार को कोलकाता में रोड शो से पहले पीएम मोदी ने थंथानिया कालीबाड़ी मंदिर में मां काली के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।