पन्ना : मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। इस मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (पूर्व में ट्विटर) के एक यूजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला
मामला पन्ना जिले से जुड़ा है,जहां एक सोशल मीडिया यूजर द्वारा एक्स पर गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी पोस्ट की गई थी। पोस्ट के सामने आने के बाद यह मुद्दा जिले में तेजी से चर्चा का विषय बन गया। पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए तुरंत कार्रवाई की।
भाजपा नेत्री की शिकायत पर दर्ज हुआ केस
भाजपा जिला उपाध्यक्ष पूनम यादव ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि यूजर ने जानबूझकर केंद्रीय गृह मंत्री की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी यूजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।
पुलिस कर रही है तकनीकी जांच
कोतवाली पुलिस के अनुसार, मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। सोशल मीडिया अकाउंट की तकनीकी जांच की जा रही है, जिसमें पोस्ट का समय, लोकेशन और अकाउंट संचालन से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर साइबर विशेषज्ञों की मदद भी ली जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक या भड़काऊ सामग्री को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी
घटना के बाद के भाजपा कार्यकर्ताओं में रोष देखा जा रहा है। पार्टी पदाधिकारियों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है और इसे राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ बताया है।
आरोपी यूजर की प्रतिक्रिया
एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी यूजर ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उसे एक्स की ओर से एक नोटिस मिला है और वह यह समझने की कोशिश कर रहा है कि आगे उसे क्या कदम उठाने चाहिए।