गंगटोक: नरेंद्र मोदी आज से दो दिवसीय दौरे पर सिक्किम जाएंगे। वे राज्य के 50वें स्थापना दिवस समारोह के समापन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और करीब ₹4000 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे।
गंगटोक में रोड शो करेंगे पीएम
प्रधानमंत्री दोपहर करीब 3 बजे गंगटोक पहुंचेंगे। आगमन के बाद वे लिबिंग हेलिपैड से लोक भवन तक रोड शो करेंगे और लोगों का अभिवादन स्वीकार करेंगे।
विकास परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार
- दौरे के दौरान पीएम कई अहम परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे, जिनमें शामिल हैं:
- नामची में 100 बेड का अस्पताल
- देओराली में 30 बेड का अस्पताल
- तीस्ता नदी पर डबल-लेन स्टील पुल
- गंगटोक में सिविल सर्विस ऑफिसर्स इंस्टीट्यूट
- ये परियोजनाएं स्वास्थ्य, शिक्षा, कनेक्टिविटी और पर्यटन जैसे क्षेत्रों को मजबूती देंगी।
स्थापना दिवस समारोह का समापन
सिक्किम ने 16 मई 2025 को राज्य बनने के 50 वर्ष पूरे किए थे। इस मौके पर एक साल तक चले कार्यक्रमों का समापन अब पीएम मोदी की मौजूदगी में किया जाएगा।
सिक्किम के भारत में विलय का संक्षिप्त इतिहास
- 1950: भारत-सिक्किम समझौते के तहत संरक्षित राज्य का दर्जा
- 1974: एसोसिएट स्टेट बना
- 1975: जनमत संग्रह में भारी बहुमत से भारत में शामिल होने का निर्णय
- इसके बाद सिक्किम भारत का 22वां राज्य बना