कोलकाता: में दुर्गापूजा की भीड़ को संभालने के लिए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था तैयार की है। इस साल शहर में कुल 2,981 दुर्गापूजा आयोजित हो रही हैं, जो पिछले साल के मुकाबले 400 से ज्यादा हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए तृतीया से अतिरिक्त पुलिस निगरानी शुरू होगी, जबकि बुधवार यानी चतुर्थी की शाम 4 बजे से बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी सड़क पर तैनात होंगे।
यादवपुर में सबसे ज्यादा पूजा, बेहाला दूसरे नंबर पर
लालबाजार के अनुसार, इस साल सबसे ज्यादा पूजा यादवपुर यानी SSD डिवीजन में हो रही हैं। यहां कुल 685 पूजा आयोजित की जा रही हैं।इसके बाद बेहाला यानी SWD डिवीजन में 598 पूजा हैं। वहीं पूर्व कोलकाता में 335, उत्तर कोलकाता में 312, दक्षिण कोलकाता में 258, दक्षिण-पूर्व कोलकाता में 208, ईस्ट डिवीजन में 193, भांगड़ में 148, मध्य कोलकाता में 128 और पोर्ट इलाके में 116 पूजा आयोजित हो रही हैं।
बड़े पंडालों पर खास पुलिस निगरानी
कॉलेज स्क्वायर, मोहम्मद अली पार्क, संतोष मित्र स्क्वायर और एलन पार्क जैसे बड़े पूजा पंडालों के आसपास विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। बड़े पंडालों के पास पुलिस पिकेट तैनात किए जाएंगे।पुलिस का फोकस केवल भीड़ नियंत्रित करने पर नहीं होगा, बल्कि श्रद्धालुओं को एक पंडाल से दूसरे पंडाल तक जाने में सुविधा देने और सड़कों पर यातायात सामान्य रखने पर भी रहेगा।
20 हजार वॉलंटियर्स भी संभालेंगे व्यवस्था
चतुर्थी की शाम 4 बजे से पुलिस अधिकारी और जवान अतिरिक्त संख्या में सड़कों पर उतरेंगे। उनके साथ करीब 20 हजार वॉलंटियर्स भी मौजूद रहेंगे।दिन के समय भीड़ को देखते हुए शहर के 27 प्रमुख पंडालों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके अलावा प्रत्येक डिवीजन में औसतन 10 से 15 छोटे पंडालों पर भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
रेडियो फ्लाइंग स्क्वाड से लेकर PCR वैन तक तैनात
सुरक्षा और पेट्रोलिंग के लिए दो चरणों में 20 हेवी रेडियो फ्लाइंग स्क्वाड, 10 स्पेशल रेडियो फ्लाइंग स्क्वाड और 30 PCR मोबाइल वैन तैनात की जा रही हैं।ये वाहन ट्रैफिक पुलिस के साथ समन्वय कर काम करेंगे। किसी इलाके में आग लगने जैसी आपात स्थिति आने पर पुलिस दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में मदद करेगी।
गंगा घाटों और वॉच टावर से होगी निगरानी
गंगा के घाटों पर सुरक्षा के लिए कोलकाता पुलिस की 3 लॉन्च 15 घाटों पर पेट्रोलिंग करेंगी। इसके अलावा अन्य घाटों पर भी निगरानी रखी जाएगी।शहर में 42 वॉच टावर से बाइनोकुलर के जरिए निगरानी की जाएगी। इसके साथ ही 7 मोबाइल पुलिस असिस्टेंट वैन भी शहर में पेट्रोलिंग करेंगी।
क्विक रिस्पॉन्स टीम और मेडिकल सुविधा भी तैयार
छह स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस असिस्टेंट बूथ बनाए जाएंगे। वहीं 9 जगहों पर कमबैट फोर्स के साथ क्विक रिस्पॉन्स टीम तैनात रहेगी।श्रद्धालुओं के लिए 14 पुलिस एंबुलेंस और 14 ट्रॉमा केयर एंबुलेंस तैयार रखी जाएंगी। लापता बच्चों और बुजुर्गों की तलाश के लिए 10 मिसिंग पर्सन स्क्वाड की गाड़ियां भी रहेंगी।
32 मेट्रो स्टेशनों पर भी पर्याप्त पुलिस
दुर्गापूजा के दौरान मेट्रो से आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने को देखते हुए शहर के 32 मेट्रो स्टेशनों पर भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।लालबाजार की तैयारी सिर्फ पूजा के दिनों तक सीमित नहीं है। 21 से 24 अक्टूबर तक विसर्जन के दौरान भी सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान रखा जाएगा।