मध्य प्रदेश: भोपाल के भेल दशहरा मैदान में 13 से 17 अक्टूबर तक गरबा आयोजन के चलते शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। शाम 6 बजे से आयोजन स्थल के आसपास वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों का प्लान जारी किया है। इस दौरान महात्मा गांधी चौराहा, एमपी नगर, चेतक ब्रिज, गोविंदपुरा और आईटीआई तिराहे से गुजरने वाले वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना होगा।
महात्मा गांधी चौराहे से जाने वाले वाहन इन रास्तों का करें इस्तेमाल
महात्मा गांधी चौराहे से कैरियर कॉलेज की ओर जाने वाले वाहन गेट नंबर-6, गुलाब उद्यान तिराहा और कस्तूरबा अस्पताल मार्ग से होते हुए आईएसबीटी और चेतक ब्रिज की ओर जा सकेंगे। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि आयोजन के दौरान मुख्य मार्गों पर भीड़ से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।
एमपी नगर और चेतक ब्रिज से आने-जाने वालों के लिए वैकल्पिक मार्ग
एमपी नगर थाने के चौराहे से अवधपुरी की ओर आने-जाने वाले वाहन डॉ. भीमराव आंबेडकर फ्लाईओवर, आरआरएल तिराहा और एम्स के सामने स्थित फोरलेन सड़क का उपयोग कर सकेंगे। वहीं, चेतक ब्रिज और गोविंदपुरा टर्निंग से महात्मा गांधी चौराहे की ओर जाने वाले वाहन सांची डेयरी कट, कस्तूरबा अस्पताल, गुलाब उद्यान रोड, गेट नंबर-6 और बरखेड़ा मार्केट होकर गुजरेंगे।
आईटीआई तिराहे से आईएसबीटी जाने के लिए बदला रूट
आईटीआई तिराहे से कैरियर कॉलेज होते हुए चेतक ब्रिज और आईएसबीटी जाने वाले वाहन चालकों को सिक्योरिटी लाइन चौराहे और सांविका पेट्रोल पंप तिराहे से होकर जाना होगा। इस बदलाव का उद्देश्य गरबा आयोजन के दौरान मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव कम करना है।
बसों और व्यावसायिक वाहनों के लिए अलग रूट
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, बसें और व्यावसायिक वाहन पटेल नगर, 11 मील और बागसेवनिया मार्ग से होते हुए आईएसबीटी पहुंच सकेंगे। भारी यातायात वाले समय में वाहन चालकों को मार्ग परिवर्तन का ध्यान रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है।
वाहन चालकों के लिए ट्रैफिक पुलिस की सलाह
गरबा आयोजन के दौरान 13 से 17 अक्टूबर तक शाम 6 बजे के बाद भेल दशहरा मैदान और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त समय लेकर निकलना बेहतर रहेगा। वाहन चालक ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों और मौके पर लगाए गए संकेतकों का पालन करें, ताकि अनावश्यक जाम से बचा जा सके और आवागमन सुचारु बना रहे।