मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी है और आधे से अधिक इलाके इसकी चपेट में हैं। 25 से ज्यादा शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। दिन के समय हीटवेव का असर देखने को मिलेगा, वहीं इंदौर और उज्जैन में रात के दौरान भी लू चलने की संभावना है। इसके अलावा छह क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने के संकेत हैं। आने वाले चार दिनों में तापमान में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है, हालांकि 27 अप्रैल से मौसम में हल्का बदलाव आ सकता है, जिससे तापमान में कुछ गिरावट संभव है।
प्रदेश के 34 इलाकों में लू का प्रभाव
पिछले कुछ घंटों में विदिशा, रायसेन, धार, रतलाम, मंदसौर, नीमच, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सतना, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में कई स्थानों पर लू का असर देखा गया। इसके अलावा भोपाल, सीहोर, नर्मदापुरम, हरदा, अलीराजपुर, झाबुआ, देवास, शाजापुर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, शहडोल और उमरिया भी इससे प्रभावित रहे। इंदौर और उज्जैन के लिए वॉर्म नाइट का अलर्ट जारी किया गया है।
दतिया-विदिशा में तापमान 45°C के करीब
प्रदेश के कई शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान विदिशा में 44.9°C रिकॉर्ड किया गया, जो 45°C के करीब है।
एमपी के सबसे गर्म शहर
शहर (जिला) | तापमान (°C)
विदिशा | 44.9
खजुराहो (छतरपुर) | 44.6
रतलाम | 44.5
दतिया / धार | 44.1
श्योपुर / नौगांव (छतरपुर) / बैरसिया (भोपाल) | 44.0