पश्चिम बंगाल में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विभाग ने 25 अप्रैल से राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाओं और आंधी की चेतावनी जारी की है। दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में 26 अप्रैल तक गर्म और उमस भरे मौसम की स्थिति भी बनी रहेगी।
इन जिलों में 50-60 किमी की रफ्तार से चलेगी हवा
मौसम विभाग के अनुसार, 26 अप्रैल को उत्तर 24 परगना, नदिया, पूर्व और पश्चिम बर्दवान, बीरभूम और मुर्शिदाबाद जिलों में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ आंधी और बारिश की संभावना है। बाकी जिलों में भी 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
उत्तर बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट
दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, कूचबिहार और कालिम्पोंग जिलों में 7 से 11 सेंटीमीटर तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इन इलाकों में बिजली गिरने और तेज गर्जना के साथ बारिश होने की भी संभावना जताई गई है।
कोलकाता में दोपहर बाद हो सकती है बारिश
कोलकाता और आसपास के इलाकों में 26 अप्रैल को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दोपहर और शाम के समय गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह
मौसम विभाग ने 26 से 29 अप्रैल तक पश्चिम बंगाल और उत्तर ओडिशा तट पर तेज हवाओं की संभावना जताई है। इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है, इसलिए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने जारी की सुरक्षा सलाह
लोगों से अपील की गई है कि आंधी-तूफान के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों। सुरक्षित स्थान पर रहें और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें।