मध्यप्रदेश इस समय तेज गर्मी और लू की चपेट में है। कई शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। हालांकि, IMD के अनुसार 27 अप्रैल से मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।
इन शहरों में लू का अलर्ट
प्रदेश के 12 से अधिक जिलों में लू का असर देखने को मिलेगा। इनमें रायसेन, अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, सतना, छिंदवाड़ा, बालाघाट, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और पांढुर्णा सहित अन्य क्षेत्र शामिल हैं। इन इलाकों में तापमान 40 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया है। अगले पांच दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
एमपी के 29 शहरों में 40 के पार पहुंचा पारा
प्रदेश के 29 शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है। सबसे अधिक तापमान खजुराहो (छतरपुर) में 44.6°C रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद रतलाम में 44.5°C, दतिया और धार में 44.1°C, सीहोर और नौगांव (छतरपुर) में 44°C तापमान दर्ज हुआ। वहीं टीकमगढ़ और मंडला में भी तापमान 43.8°C तक पहुंच गया।