मध्यप्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी का असर बना हुआ है और प्रदेश के अधिकांश हिस्से गर्म हवाओं की चपेट में हैं। फिलहाल अगले दो दिनों तक स्थिति ऐसी ही बनी रहने की संभावना है, हालांकि 27 अप्रैल से मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।
छतरपुर जिले के नौगांव और खजुराहो प्रदेश के सबसे गर्म स्थान दर्ज किए गए हैं, जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। पिछले 24 घंटों में भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर-चंबल, रीवा, जबलपुर, शहडोल और सागर संभागों में तापमान सामान्य से करीब 2.9°C अधिक दर्ज किया गया। वहीं रात के तापमान में भी बढ़ोतरी देखी गई है।
रायसेन, छिंदवाड़ा समेत कई जिलों में लू का असर
प्रदेश के 12 से अधिक जिलों में लू का असर दर्ज किया गया है। इनमें रायसेन, अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, सतना, छिंदवाड़ा, बालाघाट, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और पांढुर्णा प्रमुख हैं। इन क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रिकॉर्ड किया गया है। अगले पांच दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना जताई गई है।
प्रदेश के सबसे गर्म शहर
खजुराहो (छतरपुर): 43.9°C
नौगांव (छतरपुर): 43.5°C
रतलाम: 43.2°C
सतना / टीकमगढ़: 42.8°C
दमोह: 42.6°C