कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के लिए आज चुनाव प्रचार थम जाएगा। 29 अप्रैल को 142 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है, जबकि दोनों चरणों के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। सभी प्रमुख दलों के स्टार प्रचारक अंतिम दिन पूरी ताकत के साथ मैदान में हैं।
बंगाल अभियान को बताया आध्यात्मिक यात्रा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अपने पश्चिम बंगाल चुनाव प्रचार की तुलना एक आध्यात्मिक यात्रा से की। उन्होंने कहा कि बंगाल में प्रचार के दौरान उन्हें वही अनुभूति हो रही है, जैसी किसी देवी मंदिर में दर्शन के समय होती है।
रामलला प्राण प्रतिष्ठा की याद की साझा
पीएम मोदी ने जनवरी 2024 में अयोध्या में रामलला प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान किए गए 11 दिवसीय अनुष्ठान को याद किया। उन्होंने कहा कि उस समय जो भक्ति और समर्पण की भावना थी, वही अनुभव उन्हें बंगाल के चुनाव अभियान में भी महसूस हो रहा है। उन्होंने इसे बंगाल के प्रति अपने गहरे लगाव से जोड़ा।
‘पूर्व भारत के बिना भारत का उदय अधूरा’
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने पूर्वी भारत के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि बिहार (अंग), बंगाल (बंग) और ओडिशा (कलिंग) भारत की समृद्धि के ऐतिहासिक स्तंभ रहे हैं। इन क्षेत्रों की मजबूती के बिना भारत का विकास अधूरा रहेगा।
पहले चरण में 93 प्रतिशत मतदान
23 अप्रैल को हुए पहले चरण के मतदान में 152 विधानसभा सीटों पर करीब 93 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। अब सभी की नजरें दूसरे चरण की वोटिंग और 4 मई को आने वाले चुनाव परिणामों पर टिकी हैं।