मध्यप्रदेश में लगातार बढ़ रही गर्मी और लू के प्रभाव को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। इंदौर में तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने कक्षा 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है।
इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों में नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के छात्रों के लिए 30 अप्रैल 2026 तक छुट्टी रहेगी।
1 मई से शुरू होंगी गर्मी की छुट्टियां
शिक्षा विभाग के अनुसार प्रदेश के स्कूलों में 1 मई से ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू हो जाएंगे। ऐसे में इंदौर में बच्चों की छुट्टियां पहले ही घोषित कर दी गई हैं और अब 30 अप्रैल तक स्कूल बंद रहेंगे, जिसके बाद नियमित समर वेकेशन शुरू हो जाएगा।
ग्वालियर में भी कक्षा 8वीं तक अवकाश घोषित
ग्वालियर जिले में भी कलेक्टर रुचिका चौहान ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए बड़ा निर्णय लिया है। यहां भी प्री-प्राइमरी से कक्षा 8वीं तक के सभी छात्रों के लिए 30 अप्रैल तक स्कूल बंद रहेंगे। यह आदेश सभी शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई, आईसीएसई और मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर लागू होगा।
9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं जारी रहेंगी
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कक्षा 9वीं से 12वीं तक की पढ़ाई पूर्व निर्धारित समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक जारी रहेगी। इन कक्षाओं के लिए फिलहाल कोई अवकाश घोषित नहीं किया गया है। इसके अलावा परीक्षा और अन्य जरूरी शैक्षणिक गतिविधियां अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चलती रहेंगी।प्रशासन ने कहा है कि यह निर्णय बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि वे भीषण गर्मी के प्रभाव से सुरक्षित रह सकें।