कोलकाता - देश की राजनीति में उस समय हलचल तेज हो गई जब आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और अरविंद केजरीवाल के करीबी माने जाने वाले राघव चड्डा को लेकर पार्टी छोड़ने की अटकलें सामने आने लगीं। दावा किया जा रहा है कि उन्होंने कुछ सांसदों के साथ पार्टी से दूरी बना ली है और भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया है। हालांकि इस संबंध में अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
दिलीप घोष ने आप पर साधा निशाना
इन अटकलों के सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी और बीजेपी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। आम आदमी पार्टी के कई नेताओं ने बीजेपी पर तोड़फोड़ की राजनीति करने का आरोप लगाया है, जबकि पार्टी के अंदर से भी कुछ आवाजें असंतोष जाहिर करती नजर आ रही हैं। इसी बीच, कोलकाता में बयान देते हुए भाजपा नेता और खड़गपुर से उम्मीदवार दिलीप घोष ने आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला।
आप एक मौकापरस्त पार्टी है
भाजपा नेता और खड़गपुर से उम्मीदवार दिलीप घोष ने कहा - आम आदमी पार्टी एक मौकापरस्त पार्टी है और यह धीरे-धीरे खत्म हो जाएगी। ये लोग सत्ता और पैसे से जुड़े रहे हैं। अब लोगों को उनकी सच्चाई समझ में आ गई है, इसलिए पार्टी बिखरती नजर आ रही है।
शांतिपूर्ण और व्यापक मतदान होगा
इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेता दिलीप घोष ने पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल को लेकर भी विश्वास जताया। खड़गपुर से बीजेपी उम्मीदवार ने कहा कि इस बार शांतिपूर्ण और व्यापक मतदान होगा। उनके अनुसार, पहली बार मतदाताओं को बिना डर के मतदान करने का अवसर मिलेगा और वे इसका पूरा लाभ उठाएंगे।