उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद रामनगर द्वारा हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परिणाम आधिकारिक रूप से घोषित कर दिया गया। परिणाम घोषित किए जाने के दौरान कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत की गरिमामयी उपस्थिति भी रही।
1,00,373 छात्र-छात्राएं सफल घोषित
हाईस्कूल परीक्षा 2026 में इस वर्ष कुल 1,12,266 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया था जिनमें से 1,08,983 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। इनमें से 1,00,373 छात्र-छात्राएं सफल घोषित किए गए। इस प्रकार हाईस्कूल का कुल परीक्षाफल 92.10 प्रतिशत रहा।
लिंग आधारित प्रदर्शन में बालिकाओं ने एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन किया है। बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 96.07% जबकि बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 88.03% दर्ज किया गया। इससे यह स्पष्ट होता है कि इस वर्ष भी बालिकाओं ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
परीक्षार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 92.47%
श्रेणीवार परिणाम की बात करें तो संस्थागत परीक्षार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 92.47% रहा, जबकि व्यक्तिगत परीक्षार्थियों का परिणाम 65.05% दर्ज किया गया। यह भी उल्लेखनीय है कि इस वर्ष का कुल परिणाम पिछले वर्ष की तुलना में 1.33 प्रतिशत अधिक रहा है, जो शिक्षा के स्तर में सुधार का संकेत देता है।
इस परीक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 7,935 छात्र-छात्राओं ने विशेष उपलब्धि हासिल की और सम्मान सहित उत्तीर्ण हुए। वहीं प्रथम श्रेणी में 30,734 द्वितीय श्रेणी में 46,708 और तृतीय श्रेणी में 14,986 परीक्षार्थियों ने सफलता प्राप्त की।
शिक्षा विभाग के अनुसार यह परिणाम राज्य में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और छात्रों की मेहनत का परिणाम है। सरकार ने सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।