वॉशिंगटन में सालाना व्हाइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट डिनर के दौरान एक बड़ी सुरक्षा घटना सामने आई, जब होटल के बाहर फायरिंग की गई। इस कार्यक्रम में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, उनकी पत्नी मेलानिया ट्रम्प और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
होटल के बाहर चली गोलियां
हमलावर ने होटल के बॉलरूम के बाहर फायरिंग की, जबकि ट्रम्प और अन्य अतिथि बॉलरूम के अंदर मौजूद थे। चश्मदीदों के मुताबिक करीब 7 राउंड फायरिंग की आवाज सुनी गई।
हमलावर गिरफ्तार
घटना के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने जानकारी दी कि हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि शुरुआत में उसके मारे जाने की भी खबर सामने आई थी, जिसे बाद में गलत बताया गया।
ट्रम्प का बयान
हमले के करीब डेढ़ घंटे बाद राष्ट्रपति ट्रम्प ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि यह अमेरिका के संविधान पर हमला था। उन्होंने कहा कि सीक्रेट सर्विस ने उनकी जान बचाई और सुरक्षाकर्मियों ने बहादुरी से काम किया। उन्होंने यह भी बताया कि जिस अधिकारी को गोली लगी है, वह सुरक्षित है क्योंकि उसने बुलेटप्रूफ जैकेट पहनी हुई थी। ट्रम्प के अनुसार हमलावर के पास एक पावरफुल गन थी।