उत्तराखंड - श्री केदारनाथ धाम के कपाट पूर्ण विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आज श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु खोल दिए गए हैं। इस मौके पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। मंदिर को 51 क्विंटल फूलों से सजाया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत किया है।
कपाट खुलने के पावन अवसर पर हार्दिक स्वागत
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर शेयर गए किए एक पोस्ट में कहा कि, कपाट खुलने के पावन अवसर पर हम उत्तराखंड की इस दिव्य भूमि पर पवित्र चार धाम यात्रा के लिए आप सभी का हार्दिक स्वागत और अभिनंदन करते हैं।
हर हर महादेव !
उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने एक्स पर कहा कि श्री केदारनाथ धाम के पवित्र कपाट खुलने के शुभ अवसर पर सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। देवों के देव, भगवान भोलेनाथ की कृपा हम सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और शांति लेकर आए—यही मेरी मंगल कामना है। हर हर महादेव!"
मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं
इस बार जारी की गई गाइडलाइंस के मुताबिक, मंदिर परिसर में किसी भी तरह की रील बनाना या वीडियोग्राफी करना मना है। मंदिर परिसर में मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी मना है। इसकी जानकारी रुद्रप्रयाग की एसपी निहारिका तोमर ने दी है।
मोबाइल काउंटर और लॉकर सिस्टम बनाया है
निहारिका ने बताया कि मंदिर प्रशासन ने एक मोबाइल काउंटर और लॉकर सिस्टम भी बनाया है। मैं सभी श्रद्धालुओं से अपील करना चाहूंगी कि वे मंदिर परिसर में किसी भी तरह की वीडियोग्राफी न करें और न ही रील बनाएं, ताकि इसकी गरिमा और पवित्रता बनी रहे। एसपी ने कहा कि यहां बिना इजाज़त ड्रोन उड़ाना भी मना है।