बुरहानपुर। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर से बड़ी खबर सामने आ रही है। बीजेपी सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के छोटे भाई ने सुसाइड कर लिया है । गांव के कुएं में उनका शव मिला है। तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उनका शव मिला है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं, अभी कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कलेक्टर एसपी मौके पर पहुंचे
वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद बुरहानपुर के कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंचे हैं। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच शुरू कर दी है। एसपी देवेंद्र पाटीदार ने बताया कि पहली नजर में मामला आत्महत्या का लग रहा है। विश्वनाथ पाटिल तड़के करीब 4 बजे चुपचाप अकेले ही अपने घर से निकले। उन्होंने गृह ग्राम बोहरडा में खेत के कुएं में कूदकर जान दी। खेत विश्वानाथ पाटिल स्वयं का ही है। प्रशासन ने गोताखोरों की मदद उनके शव को कुएं से निकाला है। इसमें करीब तीन घंटे का वक्त लगा है। पुलिस ने पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, दिवंगत विश्वनाथ पाटिल का अंतिम संस्कार कल उनके पैतृक गांव बोहरडा में किया जाएगा। परिवार की तरफ से किसी की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। वहीं, सांसद के समर्थकों का आवास पर भारी भीड़ है।
केले के बड़े व्यापारी थे बाडू भाई
विश्वनाथ पाटिल केवल सांसद के भाई ही नहीं, बल्कि बुरहानपुर के बड़े व्यवसायियों में से एक थे। वे केले के बड़े और जाने-माने व्यापारी के रूप में अपनी पहचान रखते थे। विश्वनाथ पाटिल ने यह आत्मघाती कदम किन कारणों से उठाया, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है, लेकिन अचानक हुई इस घटना ने उनके परिजनों और करीबियों को गहरे सदमे में डाल दिया है।