मध्यप्रदेश और आसपास बने मौसमी तंत्र ने गर्मी का असर और तेज कर दिया है। तीखी धूप के कारण दिन में तप रही धरती अब रात में भी ठंडी नहीं हो पा रही है। उमरिया जिले में लगातार दूसरे दिन भी ‘गर्म रात’ जैसे हालात बने रहे। यहां न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में अन्य जिलों में भी ऐसी ही स्थिति बनने की संभावना जताई है।
2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के ऊपर 12.6 किमी की ऊंचाई पर 176 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से बह रही उपोष्ण पश्चिमी जेट स्ट्रीम के कारण मौसम स्थिर बना हुआ है। इस वजह से दिन की गर्मी रात में बाहर नहीं निकल पा रही है। उत्तरी छत्तीसगढ़ के पास बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण निचले स्तर पर नमी और हल्की हवाएं बनाए हुए है, जिससे तापमान में गिरावट नहीं हो रही। इसके अलावा पूर्वी बिहार से दक्षिण-पश्चिम मध्यप्रदेश तक फैली द्रोणी के कारण बने बादलों ने भी रातों को ठंडा होने से रोक दिया है। प्रदेश में न्यूनतम तापमान में औसतन 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
नर्मदापुरम और खजुराहो सबसे गर्म, भोपाल में 40 डिग्री पार
मंगलवार को खजुराहो और नर्मदापुरम में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। राजधानी भोपाल में भी तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इस सीजन में यह दूसरी बार है जब भोपाल में पारा 40 डिग्री के पार गया है। पूर्वी मध्यप्रदेश में तापमान 39 से 43 डिग्री के बीच रहा, जबकि पश्चिमी क्षेत्रों में 39 से 42 डिग्री दर्ज किया गया। रात के तापमान में भी बढ़ोतरी देखी गई, जिसमें कई जिलों में न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री के बीच रहा।
कई जिलों में लू और बारिश का अलर्ट
बुधवार को सिंगरौली, सीधी, अनूपपुर, शहडोल, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट जिलों में कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। वहीं भिंड, ग्वालियर, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, रतलाम, झाबुआ, धार और आलीराजपुर जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। कुछ स्थानों पर ‘वार्म नाइट’ जैसे हालात बने रहने की भी संभावना है।