किच्छा में पंतनगर हाईवे चौड़ीकरण परियोजना के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला प्रशासन और रेलवे विभाग की संयुक्त टीम ने रेलवे भूमि पर बनी एक अवैध मजार को हटा दिया। यह कार्रवाई लंबे समय से चल रही नोटिस प्रक्रिया के बाद की गई जिससे अब सड़क चौड़ीकरण कार्य में आ रही बाधा दूर हो गई है।
मजार सरकारी भूमि पर अवैध रूप से निर्मित
प्रशासन के अनुसार उक्त मजार रेलवे की सरकारी भूमि पर अवैध रूप से निर्मित थी और हाईवे विस्तार की जद में आ रही थी। निर्माण हटाने के लिए जिला प्रशासन और इज्जतनगर रेलवे प्रशासन द्वारा मजार प्रबंधन को पहले ही नोटिस जारी किए गए थे। रेलवे प्रशासन ने 26 अप्रैल और 18 सितंबर 2025 को स्पष्ट रूप से भूमि से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा था।
हालांकि निर्धारित समयसीमा पूरी होने के बावजूद मजार प्रबंधन द्वारा कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया और न ही अवैध निर्माण को स्वयं हटाया गया। इसके बाद प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सुबह तड़के मौके पर पहुंचकर संरचना को ध्वस्त कर दिया।
अवैध निर्माण को किया समतल
कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध निर्माण को पूरी तरह गिराकर जमीन को समतल कर दिया गया। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि संरचना के नीचे किसी प्रकार के अवशेष या विशेष सामग्री नहीं मिली है।
इस कार्रवाई के बाद अब पंतनगर हाईवे चौड़ीकरण परियोजना के कार्य में आ रही प्रमुख बाधा समाप्त हो गई है और निर्माण कार्य को गति मिलने की उम्मीद है।