उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक कांशीराम के अनुयायियों और समर्थकों को कांग्रेस के खिलाफ सतर्क रहने की सलाह दी है। इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि, कांग्रेस की दलित-विरोधी सोच और मानसिकता के कारण ही BSP का गठन करना पड़ा था।
राहुल गांधी पर बरसीं मायावती
इस दौरान बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने यह भी कहा कि, कांग्रेस ने भीमराव अंबेडकर को कभी भी उचित सम्मान नहीं दिया और न ही कांशी राम के निधन पर एक दिन का भी राष्ट्रीय शोक घोषित किया। आपको बता दें कि, यह बात तब सामने आई जब शुक्रवार को लखनऊ में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बहुजन समाज पार्टी (BSP) के संस्थापक कांशीराम की जयंती के कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
कांग्रेस ने कभी अंबेडकर को सम्मान नहीं दिया
पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने सोशल मीडिया साइट X पर एक पोस्ट में कहा है कि, जैसा कि सभी जानते हैं, कांग्रेस पार्टी ने केंद्र में सत्ता में रहते हुए अपने कई सालों के शासनकाल में, दलितों के मसीहा और भारतीय संविधान के मुख्य निर्माता परम पूजनीय बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को कभी भी उचित सम्मान और आदर नहीं दिया। और न ही उन्हें ‘भारत रत्न’ की उपाधि से सम्मानित किया. तो फिर यह पार्टी अब सम्मानित श्री कांशी राम जी को इस उपाधि से कैसे सम्मानित कर सकती है?
Comments (0)