भोपाल। मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक राजधानी जबलपुर में 30 अप्रैल को एक दर्दनाक हादसा हुआ। बरगी डैम में क्रूज डूबने की घटना में कई लोगों की जान गई, जबकि कुछ को बचा लिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के लिए 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का बयान
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि तेज़ आंधी-तूफान के कारण हुए इस दुखद हादसे में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू फोर्स द्वारा बचाव कार्य लगातार जारी है। उन्होंने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी और अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों को मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए।
आर्थिक सहायता का ऐलान
सीएम ने कहा, "इस हादसे में हुई जनहानि अत्यंत पीड़ादायक है। मृतकों के परिवारजनों को राज्य सरकार की ओर से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। बरगी डैम में क्रूज पर कुल 29 यात्रियों के टिकट जारी किए गए थे। इनमें से 15 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। शेष लोगों की तलाश और बचाव कार्य जारी है। जबलपुर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक के साथ एसडीआरएफ और अन्य राहत दल मौके पर मौजूद हैं।