जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर में नर्मदा नदी पर बने बरगी डैम में गुरुवार शाम बड़ा हादसा हो गया। खमरिया टापू के पास पर्यटकों से भरा एक क्रूज अचानक डूब गया। हादसे के समय क्रूज में कुल 29 लोग सवार थे, जिनमें से 15 लोग तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि 10 लोग अब भी लापता हैं। अब तक 4 शव मिलने की पुष्टि हुई है।
तेज तूफान बना हादसे की वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अचानक आए तेज तूफान के कारण क्रूज संतुलन खो बैठा और कुछ ही देर में डूब गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि मौसम अचानक बिगड़ा, जिससे क्रूज को संभालना मुश्किल हो गया।
SDRF की टीम मौके पर, रेस्क्यू जारी
हादसे की सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। अंधेरा होने के बावजूद टीम बड़े टॉर्च की मदद से लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और एसपी संपत उपाध्याय मौके पर पहुंच गए। दोनों अधिकारी रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं और लापता लोगों की तलाश जारी है।
15 लोगों ने तैरकर बचाई जान
क्रूज में सवार 15 पर्यटक किसी तरह तैरकर किनारे तक पहुंच गए और अपनी जान बचा ली। अन्य यात्रियों की तलाश के लिए लगातार अभियान जारी है।